करंट की चपेट में आने से व्यवसायी की मौत, बारिश के बाद पानी निकालने गए थे बालकनी में
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के शेखवाड़ा मोहल्ले में गुरुवार की शाम बारिश के बाद बालकनी में जमा पानी निकालना एक व्यवसायी के लिए जानलेवा साबित हुआ। बिजली के कटे तार के संपर्क में आने से लोहे की रेलिंग में उतरे करंट की चपेट में आकर 60 वर्षीय व्यवसायी अनिल गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
शेखवाड़ा निवासी अनिल गुप्ता की स्टेशन रोड पर रजाई, गद्दा, फोम और चादर आदि की बड़ी दुकान है। परिजनों के मुताबिक गुरुवार शाम बारिश के बाद दुकान के ऊपर बनी बालकनी में पानी जमा हो गया था। पानी निकालने के लिए अनिल बालकनी में पहुंचे। इसी दौरान वहां से गुजर रहा बिजली का कटा हुआ तार लोहे की रेलिंग के पाइप को छू रहा था। इससे रेलिंग में करंट प्रवाहित हो रहा था।
इससे अनजान अनिल ने जैसे ही पानी हटाने के लिए रेलिंग के पाइप को पकड़ा, वह करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के समय उनका पुत्र सुयश नीचे दुकान पर बैठा था। काफी देर तक पिता के नीचे नहीं आने पर वह ऊपर पहुंचा तो उन्हें अचेत अवस्था में पड़ा देख उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment