बसपा ने बदला मऊ का जिलाध्यक्ष, जयभीम कुमार को मिली नई जिम्मेदारी, हुआ भव्य स्वागत
करहां (मऊ) : बहुजन समाज पार्टी ने संगठन में बदलाव करते हुए मऊ जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंटू की जगह मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के मड़हा पट्टी से जिला पंचायत सदस्य जयभीम कुमार को नया जिलाध्यक्ष बनाया है। पार्टी की ओर से उनके नाम की घोषणा के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही उनका माला-फूल से भव्य स्वागत किया गया और मुंह मीठा कराया गया।
जयभीम कुमार को जिलाध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में बसपा संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने में तेजी आएगी। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जयभीम कुमार ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। उनके मनोनयन को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरु हो गई है।
स्वागत करने वालों में कमलेश सिंह, मुन्ना कुमार, शैलेंद्र कुमार, प्रयाग गौतम, बैजनाथ राव, राहुल कुमार बागी, रवि, प्रमोद कुमार, आशीष कुमार, ग्राम प्रधान जयहिंद कुमार, मनोज कुमार समेत कई सेक्टर अध्यक्ष और दर्जनों बसपा कार्यकर्ता शामिल रहे।


Post a Comment