प्राथमिक विद्यालय मालव में मनाया गया राखी निर्माण व राखी उत्सव

प्राथमिक विद्यालय मालव में मनाया गया राखी निर्माण व राखी उत्सव

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय मालव में छात्र-छात्राओं के मध्य राखी निर्माण प्रतियोगिता एवं रक्षाबंधन समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आकर्षक और सुंदर राखियां तैयार कीं। साथ ही बहन छात्राओं ने भाई छात्रों को राखी बांधकर उनके सुखद जीवन की कामना की। राखी निर्माण प्रतियोगिता के विजेताओं को उपहार व पुरस्कार प्रदान किया गया।

राखी निर्माण प्रतियोगिता में आंचल, अंशिका, दिव्यांशिका, अंशिका गोंड और दिव्यांशी गोंड द्वारा बनाई गई राखियां सर्वश्रेष्ठ चुनी गईं। प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने सभी विजेता बच्चों को एक-एक चाकलेट और कापी देकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने तालियां बजवाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के अंतिम चरण में बच्चों द्वारा निर्मित राखियों के साथ विद्यालय परिवार की ओर से उपलब्ध कराई गई राखियों से बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधी और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। भाइयों ने भी अपनी बहनों को यथाशक्ति उपहार देकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में रामकेर राम, स्वतंत्र कुमार सिंह, मनोज कुशवाहा, विजेंद्र प्रसाद, छठ्ठू प्रसाद गुप्ता, फहद अहमद, सुलमती चौहान, आरती सिंह सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post