शमशाबाद से गुरादरी मठ तक गूंजा हर-हर महादेव, सैकड़ों शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के शमशाबाद गांव से गुरुवार को सावन के अंतिम दिनों के अवसर पर सैकड़ों शिवभक्तों ने भव्य जलाभिषेक कलश यात्रा निकाली। शिव कुटीर शमशाबाद के साधक एवं सेवक दिनेश सरोज के मार्गदर्शन और ग्रामीणों के सहयोग से निकली यात्रा में महिला-पुरुष श्रद्धालु शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी सजे रथ के साथ गाजे-बाजे और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच नंगे पांव गुरादरी मठ पहुंचे।
वहां पाताल गंगा सरोवर में स्नान कर श्रद्धालुओं ने गंगा एवं भगवान शिव की आरती की और विधिवत संकल्प लेकर जल ग्रहण किया। बाबा घनश्याम साहब का दर्शन-पूजन करने के बाद सरोवर की परिक्रमा कर भक्त वापस शमशाबाद पहुंचे और स्वयंभू शिव मंदिर तथा शिव कुटीर स्थित मरछुरेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
कलश यात्रा के दौरान पूरे रास्ते भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। मंगल ध्वनियों के बीच शिवभक्त श्रद्धा से नंगे पांव चलते रहे, वहीं भगवान शिव के विभिन्न गणों का स्वरूप धारण किए श्रद्धालु नृत्य और भजनों से माहौल को भक्तिमय बनाते रहे। यात्रा के सुचारु संचालन में गांव के स्वयंसेवकों, उत्साही युवाओं और पुलिसकर्मियों ने सहयोग किया।
यात्रा में मंती देवी, हरिवंश वैरागी, रवि पासी, सीमा देवी, महेंद्र यादव, पप्पू कश्यप, पिंकी सरोज, मरछू राम, काजल, उमाकांत सरोज, अनामिका, सुरेंद्र सरोज, अतुल मौर्य, सरिता देवी, मुकेश सरोज, लालू गोंड़, वंदना, अंजू और दीपक यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।










Post a Comment