दिवंगत पिता के खाते से निकाल लिए 14.59 लाख रुपये
बहन-बहनोई समेत चार पर केस दर्ज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के गोलवार टोला जमीन बरामदपुर निवासी स्व. सतीश चंद अग्रवाल की मृत्यु के बाद उनके पंजाब नेशनल बैंक के खाते से धोखाधड़ी कर 14 लाख 59 हजार 300 रुपये निकाल लिए गए। मृत पिता के खाते से बैंक को सूचना दिए बिना और फर्जीवाड़ा कर पैसे उड़ाने के मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने शुक्रवार को मृतका की बेटी, दामाद समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पीड़िता सुचित्रा गर्ग मूल निवासी सिवान, बिहार ने आरोप लगाया है कि उनके पिता सतीश चंद अग्रवाल की मृत्यु 12 सितंबर 2025 को इलाज के दौरान हुई थी। पिता की मृत्यु के बाद उनकी दूसरी बहन सुप्रिया गोयल और बहनोई अंकुर गोयल निवासी बेगूसराय, बिहार उनकी मां गीता अग्रवाल को अपने साथ सेवा-सुश्रुषा के बहाने बेगूसराय ले गए। तीन महीने बाद जब सुचित्रा अपने पति के साथ माताजी से मिलने गईं, तो आरोपितो ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। इसके बाद जब पीड़िता ने पिता के पंजाब नेशनल बैंक शाखा मुहम्मदाबाद गोहना के खाते की जांच कराई, तो पता चला कि मृत्यु के बाद नवंबर 2025 में विभिन्न तिथियों में कुल ₹14,59,300 निकाल लिए गए।
पीड़िता का आरोप है कि सुप्रिया गोयल, उनके पति अंकुर गोयल, देवर अंकित गोयल और मां गीता अग्रवाल ने आपस में साठ-गांठ कर मृत पिता के बैंक खाते से छल-कपट और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए पूरी रकम हड़प ली, जिससे अन्य वारिसों का हक मारा गया। पुलिस ने अदालत के निर्देश पर सुसंगत धाराओं में सुप्रिया गोयल, अंकुर गोयल, अंकित गोयल और गीता अग्रवाल के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। उप निरीक्षक रमाशंकर को मामले की विवेचना सौंपी गई है।




Post a Comment