रेलवे परामर्शदात्री समिति की बैठक में मऊ व रतनपुरा की समस्याएं प्रमुखता से उठीं
•ट्रेनों के ठहराव से लेकर पेयजल, शौचालय व दिव्यांग सुविधाओं तक रखी गई मांग
•महाप्रबंधक ने समस्याओं के समाधान के लिए दिया सकारात्मक आश्वासन
करहां (मऊ) : नार्थ ईस्ट रेलवे की क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति की 112वीं बैठक शुक्रवार को गोरखपुर में हुई। बैठक में रेलवे के महाप्रबंधक, उपमहाप्रबंधक, समिति के सदस्यों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में यात्रियों की सुविधाओं और स्टेशनों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति सदस्य राम बहादुर सिंह ने मऊ जनपद के रेलवे स्टेशनों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए, जिसमें रतनपुरा स्टेशन की समस्याएं विशेष रूप से शामिल रहीं।
राम बहादुर सिंह ने रतनपुरा स्टेशन पर दिल्ली एवं कोलकाता जाने वाली प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग करते हुए यात्रियों की सुविधाओं में विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग सुलभ शौचालय, शुद्ध पेयजल तथा अन्य आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। रतनपुरा स्टेशन के समीप रेलवे गेट संख्या 23 के अंडरपास से आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों के सुरक्षित और सुगम आवागमन का विषय भी बैठक में उठाया गया।
बैठक में मऊ जंक्शन से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन संख्या 22539 को प्लेटफार्म संख्या एक से संचालित करने, दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट व एस्केलेटर लगाने की मांग भी रखी गई। इसके अतिरिक्त रतनपुरा समेत विभिन्न स्टेशनों पर टिकट काउंटर, आरक्षण सुविधा, प्राथमिक चिकित्सा व आपातकालीन स्टाफ, पर्याप्त पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और शौचालयों की समुचित व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता बताई गई।
समिति सदस्य ने स्टेशन परिसरों में यात्रियों के साथ अभद्रता व मारपीट करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा वेंडरों के लिए निर्धारित वर्दी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का मुद्दा भी अधिकारियों के समक्ष रखा। राम बहादुर सिंह के अनुसार, नार्थ ईस्ट रेलवे के महाप्रबंधक ने बैठक में उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।



Post a Comment