Top News

प्राचीन छात्र ने अपने जन्मदिन पर विद्यालय के बच्चों को बांटी शैक्षिक व खाद्य सामग्री

प्राचीन छात्र ने अपने जन्मदिन पर विद्यालय के बच्चों को बांटी शैक्षिक व खाद्य सामग्री

•विद्यालय के पुराने छात्र रहे नंदलाल यादव उर्फ नंदू ने पेश की प्रेरक पहल

•अपने 58वें जन्मदिवस पर शैक्षिक व खाद्य सामग्री भेंट कर शुरु की नई पहल

करहां (मऊ) : प्रायः लोग अपने-अपने जन्मदिन और सालगिरह पर जश्न मनाते हैं तथा बहुत सारा पैसा विभिन्न समारोहों पर खर्च करते हैं। साथ ही स्वयं लोगों से उपहार पाकर खुश होते हैं। ऐसे में एक अनोखी और प्रेरक पहल पेश करते हुए शनिवार को शिक्षा क्षेत्र रानीपुर अन्तर्गत पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय सुल्तानीपुर को यहां के पूर्व छात्र व अमरसेपुर गांव निवासी नंदलाल यादव उर्फ नंदू ने अपने 58वें जन्मदिन पर उपहार स्वरुप सभी छात्रों को विभिन्न शैक्षिक सामग्री व खाद्य सामग्री वितरित किया। उनके इस पहल पर सरकारी विद्यालय के बच्चों को इस तरह के उपहार देने की चारों तरफ प्रशंसा हो रही है।

गौरतलब है कि उक्त स्कूल के पुरातन छात्र नंदलाल बहुत गरीबी से उठे हैं तथा छोटे-मोटे काम करते हुए आज सफल व्यवसायी बने हैं। साथ ही अपने चार बेटों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर उच्च पदों पर आसीन किया। उन्होंने कहा कि वे गरीबी और अमीरी दोनो देख चुके हैं इसलिए शिक्षा का महत्व समझते हैं। इसलिए सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले गरीब व जरुरतमंद बच्चों को पढ़ने में मदद हेतु उन्होंने यह कार्य अपने जन्मदिन पर शुरु किया है और आगे भी करते रहेंगे। बेवजह पार्टियों में पैसा खर्च करने की अपेक्षा इस तरह के काम करने से समाज के उत्थान के साथ एक अलग तरह की सुखानुभूति प्राप्त होती है।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शिवशंकर राम ने नंदलाल यादव के इस उपहार के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि उनसे अन्य लोग प्रेरणा लें एवं महंगे होटलों में जन्मदिन मनाने के बजाय जरुरतमंद बच्चों को कापी, कलम, किताब, बैग, खाद्य सामग्री, पोषक आहार आदि देकर जन्मदिन मनाएं एवं एक सकारात्मक पहल के भागीदार बने। इस अवसर पर परमानंद मौर्य, विजयनरायन यादव, सत्येंद्र कुमार, विजय कुमार मिश्रा, गोविंद चौहान, अजीत यादव,  पंकज सिंह, सुषमा, कुंदन सिंह, चंद्रकला देवी सहित अनेक विद्यार्थी व अभिभावक उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post