शिक्षक दिवस पर सेवानिवृत्त एवं उत्कृष्ट शिक्षक हुए सम्मानित
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय टड़वा चौबेपुर में एसआरजी संजय कुमार तिवारी के संयोजन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक धर्मेश तिवारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश तिवारी ने सेवानिवृत्त एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।
इस दौरान विद्यालय की शिक्षिका सदफ यास्मीन तथा शिक्षक भूपेंद्र प्रताप सिंह और रामप्रवेश यादव को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान व उपलब्धियों के लिए अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। बीईओ ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला हैं और उन्हें अपने आदर्शों व पद की गरिमा के अनुरूप कार्य करते हुए समाज में शिक्षक की प्रतिष्ठा को और ऊंचा उठाना चाहिए।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और बच्चों में मिष्ठान्न वितरित किया गया। प्रधानाध्यापक हरिलाल यादव ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक मोहम्मद अहमर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, प्रबंधन समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Post a Comment