Top News

सर्पदंश से दुकानदार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

सर्पदंश से दुकानदार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के इटौरा गांव निवासी किराना दुकानदार रमेश यादव (60) की मंगलवार शाम सर्पदंश से मौत हो गई। स्वजन उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए जिला मुख्यालय स्थित फातिमा अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

इटौरा गांव निवासी धनुषधारी यादव के पुत्र रमेश यादव कटकटी मोड़ सियाबस्ती में किराना की दुकान चलाते थे। मंगलवार शाम करीब छह बजे वह दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक सांप ने उन्हें डंस लिया। घटना की जानकारी होते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। स्वजन उन्हें तत्काल फातिमा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरु किया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।

रमेश यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक भाई की कोरोना काल में ही मृत्यु हो गई थी। परिवार में सबसे बड़े होने के कारण घर की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनके तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री की नवंबर में शादी तय थी। रमेश की आकस्मिक मौत की खबर मिलते ही कटकटी मोड़ के दुकानदारों और इटौरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की परिस्थितियों को देखते हुए स्वजन की सहमति से पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया गया, ताकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सके। सूचना पर सिकटिया चौकी प्रभारी और क्षेत्रीय लेखपाल योगेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




Post a Comment

Previous Post Next Post