पिकअप ने टेम्पो में मारी टक्कर, चार महिलाएं घायल; पीछा कर पुलिस ने वाहन पकड़ा
करहां, मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के पलिया गांव के समीप रानीपुर-खुरहट मार्ग पर बुधवार पूर्वाह्न करीब 01 बजे तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से एक टेम्पो में टक्कर मार दी। हादसे में टेम्पो सवार कमला देवी, माया देवी, सुनीता और प्रियंका घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कमला देवी, माया देवी और सुनीता की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया, जबकि प्रियंका का उपचार सीएचसी पर जारी है।
दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसका पीछा किया तो चालक ने भागने के दौरान नोहरेपुर गांव के पास बिजली के खंभे में टक्कर मार दी, जिससे खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बावजूद पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप को नोहरेपुर के पास पकड़ लिया। पुलिस वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



Post a Comment