सीडीओ ने 52 श्रमिकों को माल्यार्पण कर किया सम्मानित
•वीबी-जी राम जी योजना के तहत 125 दिन रोजगार देने की तैयारी
•सीडीओ ने परखी कार्यों की प्रगति
•मजदूरी भुगतान व ई-केवाईसी की ली जानकारी
करहां (मऊ) : ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के सुतरही और उम्मनपुर ग्राम पंचायतों में विशेष रोजगार सृजन दिवस मनाया गया। नवागत मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने दोनों ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर रोजगार कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने श्रमिकों से संवाद कर जाब कार्ड, ई-केवाईसी, उपस्थिति और समय से मजदूरी मिलने की जानकारी ली। शासन की मंशा के अनुरुप ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सीडीओ ने बताया कि मनरेगा के तहत पहले एक वित्तीय वर्ष में 100 दिन रोजगार का प्रावधान था, जबकि जी राम जी योजना के तहत एक जुलाई से शुरु होने वाली व्यवस्था में श्रमिक परिवारों को सालाना 125 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यों में पारदर्शिता बरतने तथा मजदूरी का भुगतान समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 12 अक्टूबर को मानव दिवस के अवसर पर जनपद की ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर श्रमिकों से विभिन्न कार्य कराए गए। निरीक्षण के दौरान श्रमिकों से कार्यस्थल पर मिलने वाली सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली गई।
सुतरही में करमु के घर से कुंवर के खेत तक लगभग 140 मीटर लंबा और तीन मीटर चौड़ा चकबंध बनाया जा रहा है। इस कार्य के लिए 60 श्रमिकों का मस्टरोल जारी हुआ था, जिनमें आठ श्रमिक अनुपस्थित मिले, जबकि 52 मौके पर काम करते पाए गए। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सत्यप्रकाश पांडेय, ग्राम प्रधान निन्हक राम, ग्राम पंचायत सचिव प्रेम शंकर यादव, रोजगार सेवक विक्रम कुमार, तकनीकी सहायक रमेश सिंह, सहायक खंड विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह, अवर अभियंता लघु सिंचाई संदीप सिंह सहित अन्य कर्मचारी और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।





Post a Comment