मुहम्मदाबाद गोहना में मुकुट पूजन के साथ शुरु हुई रामलीला, तिथियां घोषित
करहां (मऊ): मुहम्मदाबाद गोहना में श्रीदशहरा रामलीला कमेटी धर्मार्थ ट्रस्ट के तत्वाधान में नवरात्र के प्रथम दिन मुकुट पूजन का कार्यक्रम विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरुप अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। चौक से हनुमान मंदिर तक आयोजित इस पूजन कार्यक्रम में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीला के निर्विघ्न संपन्न होने और सफल आयोजन की कामना की गई। मुकुट पूजन के पश्चात भव्य यात्रा ब्राह्मण टोला से निकलकर शंकर तिराहा होते हुए राम-जानकी मंदिर पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर उक्त कमेटी व ट्रस्ट द्वारा 11 अक्टूबर 2026 से 25 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले समस्त रामलीला कार्यक्रमों की सारणी भी तिथिवार जारी की गई, जिसमें सनातन धर्म प्रेमी बंधुओं से समय से उपस्थित होने की अपील की गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर को राम वनवास, 13 को रामकेवट संवाद, 14 को भारद्वाज राम मिलन, 15 को भरत मनावन अखाड़ा जुलूस, 16 को सूर्पणखा नाक कटैया व खरदूषण वध, 17 को सीता हरण, और 18 अक्टूबर को बाली वध का मंचन होगा। इसके उपरांत 19 अक्टूबर को लंका दहन व अंगद-रावण संवाद, 20 अक्टूबर दशमी को भव्य दशहरा मेला, रावण वध व जुलूस अखाड़ा आयोजित किया जाएगा। अंत में 23 अक्टूबर को भरत मिलाप तथा 25 अक्टूबर पूर्णिमा को राम राज्य एवं देवरानी-जेठानी पोखरे पर मेला आयोजित कर रामलीला महोत्सव का समापन होगा।
मुकुट पूजन कार्यक्रन के दौरान श्रीरामलीला दशहरा कमेटी के अध्यक्ष छोटू प्रसाद, महामंत्री रामसरन चौहान, उपाध्यक्ष महावीर प्रसाद व बृजेंद्र सिंह पटेल, मंत्री जनार्दन शर्मा, कोषाध्यक्ष राजीव सेठ, ट्रस्टी आशीष अग्रवाल, लालजी वर्मा, अजय यादव, अभिषेक कुमार पाल, तथा विजेंद्र पटेल व राजेश चौहान सहित अनेक धर्मप्रेमी उपस्थित थे।



Post a Comment