Top News

बीसी सखियों ने समस्याओं के समाधान के लिए सीडीओ को सौंपा ज्ञापन

बीसी सखियों ने समस्याओं के समाधान के लिए सीडीओ को सौंपा ज्ञापन

करहां (मऊ) : पंचायत भवनों में बैठने की व्यवस्था, बकाया मानदेय और बैंकिंग कार्यों से जुड़ी समस्याओं को लेकर विशिष्ट कंस्ट्रक्ट महिला उत्थान समिति से जुड़ी बीसी सखियों ने बुधवार को विकास भवन पहुंचकर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शासनादेश के अनुरुप पंचायत भवनों में बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने, बैंकों से नियमित कार्य दिलाने, नई बैंकिंग व्यवस्था के तहत पात्र बीसी सखियों को आईडी जारी करने तथा छह माह के निर्धारित मानदेय का बकाया भुगतान कराने की मांग की। बीसी सखियों के अनुसार, कई महिलाओं को दो से चार महीने का ही मानदेय मिल सका है।

ज्ञापन में पंचायत स्तर पर मनरेगा भुगतान का कार्य बीसी सखियों से कराने और खराब उपकरणों के स्थान पर लैपटाप उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल रही। उनका कहना है कि संसाधनों की कमी और नियमित कार्य नहीं मिलने से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं देने में कठिनाइयां हो रही हैं। रानी देवी, गीता देवी, शिल्पी देवी, प्रतिमा कुमारी, सुमन देवी, सविता देवी और कविता देवी सहित विभिन्न ब्लाकों की बीसी सखियों ने प्रशासन से समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि एक माह के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post