बस की चपेट से मृत छात्रा का हुआ अंतिम संस्कार; शव देख परिजनों में मचा कोहराम।
करहाँ, मु.बाद गोहना, मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग पर रानीपुर थाना क्षेत्र के करहाँ मील के पास बस की चपेट में आने से मृत हुई छात्रा का अंतिम संस्कार बुधवार को हुआ। पोस्टमार्टम से शव आते ही घर मे कोहराम मच गया। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल था। गाँव मे इस घटना से मातम पसरा बुआ है।
चाचा ने बस चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है। सोमवार की इस घटना में हताहत वीरा चौहान स्वजन की सबसे छोटी और दुलारी थी और पढ़ने में बहुत मेधावी थी। बुधवार सुबह मुहम्मदाबाद गोहना स्थित तमसा किनारे अंतिम संस्कार किया गया। मुकदमा के अंतर्गत छात्रा के चाचा भतड़ी चक भतड़ी निवासी समुंदर चौहान ने बताया है कि चालक लापरवाही पूर्वक और तेज गति से बस चलाते हुए घटना को अंजाम दिया। प्राथमिकी में उसके खिलाफ न्यायोचित विधिक कार्यवाही की माँग की गई है। बतादें कि मौत के बाद मौजूद भींड ने नगपुर-महमूदपुर चट्टी पर कड़ी कार्यवाही को लेकर घंटो जाम लगाया था। चिरैयाकोट, मुहम्मदाबाद गोहना, रानीपुर थानों के मुखिया समेत भारी पुलिस बल की तैनाती, क्षेत्राधिकारी डॉ. अजय विक्रम सिंह और उप जिलाधिकारी हेमंत कुमार चौधरी के आश्वासन एवं कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और यातायात व्यवस्था बहाल हो पाई थी।
मिली जानकारी के मुताबिक माता विमला चौहान, पिता रविन्द्र नाथ चौहान की पुत्री 11 वर्षीय वीरा चौहान बहुत मेधावी एवं व्यवहार कुशल छात्रा थी। अपनी पाँच पुत्रियों में सबसे छोटी होने के कारण सभी की दुलारी थी। दुर्भाग्य से घटना के समय माता-पिता में से दोनों मौजूद नहीं थे। पिता गुजरात मे काम के सिलसिले में थे तो माता अयोध्या दर्शन करने गयी थीं। घटना की जानकारी होने पर वापस आये। वीरा ने अच्छी पढ़ाई की ज़िद करके करहाँ के शंकर मौर्य बलिराम मौर्य इंटर कालेज के कक्षा पाँच में दाखिला करवाया था। जबकि गाँव में परिषदीय सहित अन्य निजी विद्यालय मौजूद हैं। बुधवार पोस्टमार्टम के बाद शव आने पर माता-पिता सहित बहनें अंजू, संजू, रिंकू, प्रीति आदि का रोते-रोते बुरा हाल था। अंतिम संस्कार मुहम्मदाबाद गोहना के तमसा तट पर किया गया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है।

Post a Comment