पांच लक्ष्मी प्रतिमाओं से सजा करहाँ बाजार, रौशनी से नहाये भवन
करहाँ, मु.बाद गोहना, मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील का करहाँ बाजार पांच लक्ष्मी प्रतिमाओं से सजा है। बाजार के विभिन्न भवन झालरों एवं दियो की सजावट से दीपावली की रौशनी में नहाए देखे गए। दिवाली की ख़रीददारी के लिए विभिन्न दुकानों पर भींड जमा हुई लेकिन मिट्टी के दियों की ख़रीदारी कम देखी गयी। लोंगो का रुझान विद्युत झालरों पर ज्यादा रहा।
बता दें कि पिछले कोरोना काल के बाद पांच की जगह करहाँ में चार लक्ष्मी प्रतिमाएं स्थापित की जाती रही हैं। इस बार पुनः पूर्व की भांति पांच प्रतिमाओं से बाजार सजाया गया। श्रीलक्ष्मी पूजन समिति करहां मील पर दीपक गुप्ता व देवानंद चौहान के नेतृत्व में पंडाल सजाया गया है जहां सायंकाल भजन-कीर्तन का नित्य कार्यक्रम चल रहा है। यूनियन बैंक के निकट स्थित विशाल पंडाल महेश यादव व दीपक चौरसिया के नेतृत्व में सजाया गया है जहां मंगलवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित है। श्री टॉवर के सामने के भव्य पंडाल का नेतृत्व पंकज गुप्ता व आनंद मद्धेशिया कर रहे हैं जहां संध्याकाल में सुंदरकांड व भजन संध्या होनी सुनिश्चित है।
बाजार के जहाँनागंज मोड़ स्थित शिव मंदिर लक्ष्मी पूजन समिति के अध्यक्ष अज़ीत चौरसिया व संरक्षक विष्णुकांत श्रीवास्तव के निर्देशन में इस बार मां की मनोहारी झांकी सजाई गई है। करहां गांव स्थित प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर क्षीरसागर में पूर्व की भांति इस बार आदित्य मद्धेशिया व रमन सिंह के नेतृत्व में लक्ष्मी प्रतिमाएं स्थापित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग सभी 42 गांवों में छोटी-बड़ी प्रतिमाएं स्थापित कर लोग पूजन अर्चन कर रहे हैं।
बाजार का सुप्रसिद्ध श्री टॉवर, प्रमोद जनकल्याण हॉस्पिटल, राजर्षि भवन, यूनियन बैंक, यूपी बड़ौदा बैंक, साईं हॉस्पिटल, जेके मेमोरियल स्कूल आदि विभिन्न भवन दीपोत्सव पर्व पर रौशनी से जगमगा रहे हैं। बाजार में मूर्ति, फोटो, मिष्ठान, पटाखे, सजावट के सामान, इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रॉनिक व बर्तन आदि की दुकानों पर भारी भींड देखी गयी जबकि मिट्टी के दियों की दुकानों पर अपेक्षाकृत कम भींड देखी गयी।

Post a Comment