स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प
करहाँ (मऊ) : दैनिक जागरण की मुहिम 'मतदाता है भाग्य विधाता' अब मतदाता जागरूकता अभियान का पर्याय बनता जा रहा है तथा समाज के हर क्षेत्र में प्रेरणा उत्पन्न कर रहा है। जागरण की पहल पर मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के करहां, मालव व माहपुर में संचालित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया है।
विंध्यवासिनी महिला स्वयं सहायता समूह करहां की अध्यक्ष रीमा सैनी, श्रेयसी महिला स्वयं सहायता समूह करहां की कोषाध्यक्ष सुमित्रा मौर्या एवं उन्हें आर्थिक रूप से सहयोग प्रदान करने वाले बड़ौदा यूपी बैंक माहपुर शाखा के प्रबंधक विवेक राय ने मतदान का महत्व बताते हुए समूह की महिलाओं को शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया।
अध्यक्ष रीमा सैनी ने कहा देश की सरकार बनाने में हमारी आधी आबादी की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। मतदान में भाग लेना प्रत्येक मतदाता का संवैधानिक व नैतिक कर्तव्य है। हर एक वोट अपने आप में बहुमूल्य है। आज की महिलाएं देश की जिम्मेदार व जागरूक नागरिक हैं। इसलिए संविधान प्रदत्त मतदान के अधिकार का प्रयोग कर देश की भाग्यविधाता बन सकती हैं।
बैंक प्रबंधक विवेक राय ने कहा कि आप सभी समूह की महिलाएं अन्य घरेलू महिलाओं से विशेष हैं। आपने घर की जिम्मेदारियों के साथ एक कदम आगे बढ़कर स्वंय सहायता समूह की जिम्मेदारी भी उठा रखी है। इसके माध्यम से आप खुद और अपने समूह के सदस्यों के स्वरोजगार के लिए कार्य कर रही हैं। अधिकाधिक मतदान के प्रति आप लोंगो की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। इसलिए आप सभी स्वयं शत-प्रतिशत मतदान करने के साथ अन्य महिलाओं की प्रेरणाश्रोत बनें तथा क्षेत्र की सभी मतदाता महिलाओं को भी लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी वोट रूपी अमूल्य आहुति प्रदान करने को जागरूक करें।
इस अवसर पर मनीष कुमार, गीता देवी, अनुजा देवी, प्रमिला देवी, सुनीता देवी, बेचनी, हसीना, गुड्डी, बासमती, मुन्नी, नेहा कन्नौजिया, मंशा देवी, भिक्खू देवी आदि ने शत-प्रतिशत मतदान करने का संकल्प लिया।
Post a Comment