मठ गुरादरी पर लगा भव्य मेला, उमड़ा आस्था का जनसैलाब
करहाँ (मऊ) : विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना के करहां स्थित बाबा घनश्याम दास मठ गुरादरी धाम पर बुधवार को रामनवमी का भव्य मेला लगा। यहां प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूरदराज एवं स्थानीय लोग सुबह से ही गंगा सरोवर में पुण्य स्नान कर बाबा घनश्याम दास की दिव्य समाधि पर मत्था टेकते देखे गये। साथ ही अन्नपूर्णा भंडार में अपनी पहली फ़सल का दान कर भभूत प्रसाद ग्रहण किया एवं मठ के वर्तमान महन्थ भगवान दास मानस धुरंधरजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर मेले का आनन्द लिया।
ज्ञातव्य हो कि यह स्थान भुड़कुड़ा, प्रयागरी, आगरी व गोविंद साहब की सतनामी संत परंपरा की शिष्य पीठ है। यहाँ के पहले संत व महन्थ बाबा घनश्याम दास चमत्कारिक महात्मा हुए। उन्होंने बचपन में गोचारण करते हुए अपनी माताजी के निवेदन पर सूखे जलाशय से अविरल जलधारा को प्रस्फुटित कर दिया था। जो कालांतर में गंगा सरोवर के नाम से विख्यात हुआ। पोखरे के किनारे बाबा घनश्याम दास सहित पदारथ दास, प्रहलाद दास, महाबल दास, सत्यनारायण दास व जगन्नाथ दास जैसे तपस्वी संतों की दिव्य समाधियां स्थित हैं।
खास बात यह है कि इस स्थान की क्षेत्र और दूरदराज में काफी मान्यता है। करहां परिक्षेत्र के बयालिस गाँवो के लोग यहाँ अपने सभी शुभ कर्म संपादित करते हैं। बाबा के दरबार से किसी भी भक्त की झोली खाली नहीं जाती। लोग यहां झूठी कसमेँ खाने से डरते हैं। ऐसी मान्यता हैं कि इस पवित्र स्थान पर झूठी कसमें खाने वाले लोंगो का अनिष्ट हो जाता है।
गुरादरी मठ पर कार्तिक पूर्णिमा, चैत्र रामनवमी, गोविंद दशमी, डाला छठ व मकर संक्रांति पर स्नान पर्व व मेले का आगोजन होता आ रहा है। हालांकि इस वर्ष तेज गर्मी और लू के कारण मेला हल्का रहा लेकिन जैसे ही शाम होने लगी वैसे ही मेले में भींड़ बढ़ गयी।
खेती के उपकरण, घरेलू सामान, बर्तन, फर्नीचर, खिलौने, झूले, गुब्बारे, चाट, पकौड़ी, नूडल्स, जलेबी, जूस आदि की दुकानें गुलजार रही। क्षेत्र के चिकित्सक डाक्टर शोएब अहमद के नेतृत्व में समाजसेवी संगठन श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहे। इनकी तरफ से मेले में मुफ्त दवा व जलपान की व्यवस्था की गई थी।
रामनवमी के पावन अवसर पर भाजपा नेत्री पूनम सरोज, मंडल अध्यक्षद्वय रामसरन चौहान व ओमकार सिंह मुन्ना तथा पूर्व चेयरमैन लालजी वर्मा व अंकित सरोज के नेतृत्व में भाजपाजनों ने विधानसभा अंतर्गत मेले में मठ सहित विभिन्न मंदिरों पर जाकर अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के प्रभु श्रीरामलला का चित्र लगाया और पूजन-अर्चन किया।
मेले में सबसे अधिक संख्या औरतों और बच्चों की देखी गयी। सबने मिलकर जरूरत की सामग्री खरीदी और ऐसा एहसास दिलाया कि आधुनिक बाजारों के युग मे अभी भी मेले की प्रासंगिकता को सार्थक बनाने वाले कम नहीं है।
मेले को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने में सुबह से लेकर देर शाम तक मठ प्रबंधन सहित पुलिस प्रशासन मुस्तैद दिखा। क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना डॉक्टर अजय विक्रम सिंह व थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह मय हमराह खुद मेले में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नज़र आये।
मठ से जुड़े सेवक बुच्ची सिंह, पुजारी रामदास, संतोष पांडेय, नागेन्द्र सिंह, संदीप दास, सुबास वर्मा, दिवाकर सिंह, अशोक जायसवाल, सोमबीर यादव, रणधीर सिंह, विजयदास, चन्द्रभान सिंह, विवेक सिंह सहित दर्जनों लोग व्यवस्था में लगे रहे।











Post a Comment