सेल्फी प्वाइंट लगाकर मतदान के लिए किया जा रहा प्रेरित
करहाँ (मऊ) : 01 जून को होनेवाले लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए जनपद भर में तरह-तरह के कार्यक्रम किये जा रहे हैं। दैनिक जागरण अखबार स्वयं भी 'मतदाता है भाग्य विधाता', 'ऐसे हो मेरे सांसद', 'पहली बार मतदान', 'महासमर' आदि अनेक मुहिम के द्वारा महीने भर से अधिक समय से समाचारीय अभियान चला रहा है। प्रशासन की तरफ से भी अनेक अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के माहपुर स्थित एम. शमीम मेमोरियल पब्लिक स्कूल के द्वारा करहां बाजार में अनेक स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट लगाकर मतदाताओं को अनूठे अंदाज में मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यहां खासकर युवा मतदाताओं की अच्छी खासी भींड़ एकट्ठा होकर सेल्फी ले रही है और उसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड कर जागरूकता प्रचार अभियान का हिस्सा बन रही है। निश्चित रूप से इस तरह की रोचक पहल से चुनाव के प्रति उदासीन युवा वर्ग के अंदर मतदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न होगी।
इस विषय में विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद आरिफ खां ने बताया कि विगत कुछ दिनों पहले दैनिक जागरण की 'मतदाता है भाग्यविधाता' नामक मुहिम द्वारा हमारे शिक्षकों को शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया गया था। तबसे लेकर अबतक विद्यालय प्रबंधन, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं व कर्मचारी स्वयं के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को मतदान हेतु प्रेरित करने में लगे हैं। अभी कुछ दिनों पहले ही बच्चों के द्वारा मतदाता जागरूकता रैली विभिन्न गांवों में निकाली गई थी।
विद्यालय के संरक्षक आकिब शमीम उर्फ सद्दाम खां ने बताया कि इस समय जहानागंज मोड़ स्थित पुलिस सहायता केंद्र, बाजार के प्रतिष्ठित श्रीटावर, बैंक क्षेत्र व गद्दोपुर मील क्षेत्र में सेल्फी प्वाइंट लगाकर मतदाता जागरूकता का एक छोटा सा सकारात्मक प्रयास कर रहे हैं। आगे बाजार के अन्य स्थानों सहित अलग-लग ग्रामीण इलाकों में भी मतदाता सेल्फी प्वाइंट लगाये जायेंगे।


Post a Comment