Top News

भीषण गर्मी में रात भर बिजली के लिए हलकान रहे क्षेत्रवासी, कड़ी मशक्कत से भोर में हुई बहाल

भीषण गर्मी में रात भर बिजली के लिए हलकान रहे क्षेत्रवासी, कड़ी मशक्कत से भोर में हुई बहाल

करहाँ (मऊ) : इस भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में मुहम्मदाबाद गोहना के 132 केवीए बिजली स्टेशन की ब्रेकर सिटी में खराबी आने और टावर लाइन के कई तार टूटने के कारण गुरुवार को नगर क्षेत्र और संबंधित एरिया में पड़ने वाले 33/11 केवी के नौ सब स्टेशनो पर लगभग रात भर बिजली नदारत रही। इससे जुड़े सैकड़ो गाँवों में अंधेरा छाया रहा औऱ लोग बेहद हलकान रहे। खराबी के कारण एक दूसरे से रात भर जानकारी प्राप्त करते रहे। रात में ही अधिशासी अभियंता समेत दर्जनों अधिकारी व तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर फाल्ट दुरुस्त करने में लगे रहे। पूरी टीम की रातभर घंटो कड़ी मशक्कत के बाद भोर में करीब सवा तीन बजे बिजली व्यवस्था सुचारु रूप से बहाल हो सकी। 

बता दें कि मुहम्मदाबाद गोहना के गालिबपुर-हलीमाबाद सथित 132 केवीए स्टेशन के ट्रांसमिशन लाइन में फाल्ट आ गया था। इस केंद्र से जुड़े क्षेत्र के सभी नौ सब स्टेशनो की बिजली लगभग नौ घंटे गुल रही। जानकारी मिली है कि गुरुवार को शाम लगभग 6:00 बजे स्टेशन के ब्रेकर के पास लगी सिटी फट गई और फाल्ट आने से  आजमगढ़ से आने वाली 1 लाख 32 हजार पावर वाली टावर लाइन का तार टूट गया। बिजली आपूर्ति ठप होने से मुहम्मदाबाद गोहना, सरयां, करहाँ, वलीदपुर, खैराबाद, भुसुआ, चिरैयाकोट, जहांगीराबाद, डंगौली आदि उपकेंद्र से जुड़े सैकड़ो गांव की बिजली गायब हो गई। इस समस्या के चलते मुहम्मदाबाद गोहना, वलीदपुर, चिरैयाकोट नगर पंचायत के अलावा मऊ शहर के सलाहाबाद क्षेत्र की आबादी भी प्रभावित हुई। ट्रांसमिशन लाइन में फाल्ट आने की सूचना पर विभाग के अधिशासी अभियंता एसपी पांडे, एसडीओ ए. के. चौधरी, नीरज कुमार, जेई शक्ति सिंह सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सिटी फटने के अलावा इस स्टेशन के पीछे टावर लाइन का तार भी टूट कर गिर गया। बड़ा फाल्ट होने के कारण बिजली विभाग की मऊ और बलिया की तीन तकनीकी टीम मौके पर बुलाई गई और पूरी रात कड़ी मेहनत के बाद शुक्रवार को भोर में लाइट बहाल हो सकी। नौ घंटे बिजली न होने से क्षेत्र के डेढ़ सौ गांव और कस्बा के लाखो लोग प्रभावित हुए। गर्मी, उमस और पीने के पानी की किल्लत के चलते काफी परेशानियां उठानी पड़ी। लोग देर रात तक पत्रकारों, कर्मचारियों, समाजसेवियों आदि से जानकारी लेते रहे। भोर में बिजली बहाल होने से लोंगो ने राहत की सांस ली और प्रायः लोग देर सुबह तक सोते रह गए।


Post a Comment

Previous Post Next Post