पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, युवक की दर्दनाक मौत
करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत रानीपुर थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस पर पिरुआं और चाल्हा गांव के समीप 279.9 किमी की लोकेशन पर सोमवार की सुबह बिहार के डेहरी की तरफ से आ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपिडा के कर्मचारियों और रानीपुर थाने की पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि आजमगढ़ जनपद के थाना जीयनपुर के देवापार गांव का निवासी हाशिम पुत्र अजमल खान सोमवार की सुबह बिहार के डेहरी से वापस अपने घर आ रहा था। वह अभी पूर्वांचल एक्सप्रेस पर पिरुआं व चाल्हा गांव के सामने 279.9 किमी के पास पहुंचा ही था कि कार अनियंत्रित होकर के डिवाइडर से टकरा कर तीन बार पलटने के बाद खड़ी हो गई। एक्सप्रेसवे और नीचे दूर से देख रहे आसपास के लोग वहां पहुंचे और कार को सीधा किया। इसी बीच यूपिडा का सचल दस्ता वहां पहुंचा औऱ स्थानीय पुलिस को भी सूचित किया।सूचना पाकर रानीपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और उसमें फंसे युवक को कार से बाहर निकाला। वह गंभीर रूप से घायल था। उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मृत्यु की सूचना पाकर जिला अस्पताल पहुंचे उसके परिजनों अपने मजहब का हवाला देते हुई अन्त्य परीक्षण से मना कर दिये और कहा कि हमें कोई शिकायत नहीं।
Post a Comment