ब्रह्म के प्रति जीव के समर्पण की कथा है महारास : महेशचंद्र
करहाँ, मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत दाऊदपुर फतेहपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन गोवर्धन लीला, नाग नथैया, महारास व श्रीकृष्ण-रुक्मणि विवाह की कथा सुनाई गई। कथावाचक पंडित महेशचंद्र मिश्र ने कहा कि महारास की कथा ब्रह्म के प्रति जीव के समर्पण की कथा है।
कथा विस्तार के क्रम में आचार्य महेश ने बताया कि गोपियां कोई साधारण स्त्री नही हैं। "गोभिः इन्द्रियैः कृष्ण रसं पिवति सा गोपी।" अर्थात जो प्रत्येक इन्द्रिय से कृष्ण रस का निरन्तर पान करे, वह गोपी है। महारास के उपरान्त भगवान मथुरा गये और कंस का वध किया। सत्रह बार जरासंध को पराजित किया। साथ ही रातों रात द्वारिका पुरी का निर्माण करा कर रुक्मिणी से भगवान के विवाह के बारे में उन्होंने बताया कि विदर्भ नरेश भीष्मक की पुत्री का नाम है रुक्मणी था। वह कन्हैया से बहुत प्रेम करती थीं। बताया कि रुक्मणी साक्षात लक्ष्मी का अवतार हैं। "रामरूपे भवेत सीता रुक्मिणी कृष्ण जन्मनि।" अर्थात रामावतार में लक्ष्मी, सीता बनकर आयीं और कृष्णावतार में रुक्मणी।
रुक्मिणी के भाई रुक्मी ने उनका विवाह शिशुपाल से तय कर दिया था। रुक्मणी ने द्वारिकाधीश को पत्र लिखा कि हे प्रभु मैंने जब से नारद जी के द्वारा आपके गुणों को सुना है मेरे सारे संताप नष्ट हो गए। अब आपकी यह दासी आपके दर्शन की अभिलाषी है। जैसे कोई सियार सिंह का भाग ले जाना चाहता है, उसी प्रकार मेरा विवाह शिशुपाल से हो रहा है। आप मुझे यहां से ले जाइये। पत्र सुनकर कन्हैया गये और कुलदेवी के मन्दिर से रुक्मिणी का हरण कर लिया और द्वारिकापुरी में धूमधाम से श्रीकृष्ण रुक्मिणी का परिणय सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर पंडित आशीष तिवारी, पंडित प्रियव्रत शुक्ला, एकलव्य सिंह, राधेमोहन सिंह, सुरेन्द्र सिंह, श्वेता सिंह, अखंड प्रताप सिंह, ओमप्रकाश सिंह, रणधीर सिंह, पूजा सिंह, महावीर सिंह, शिव सिंह, उदय प्रताप सिंह, रजनी सिंह, वीरेंद्र सिंह, तारकेश्वर सिंह, सुभाष सिंह, गोल्डी सिंह, समरबहादुर सिंह, अंजली सिंह समेत सैकडों स्त्री-पुरुष मौजूद रहे।





Post a Comment