छात्र, शिक्षक, अभिभावक व पुरातन छात्रों का संवाद उपयोगी : बीएसए
•पीएमश्री विद्यालय सुल्तानीपुर में पहुँचे बीएसए संतोष उपाध्याय
•पुरातन छात्रों व रोटरी क्लब के सदस्यों को सम्मानित कर बेसिक को बताया शिक्षा की जड़
करहाँ (मऊ) : रानीपुर ब्लॉक के सुल्तानीपुर गाँव स्थित पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को पुरातन छात्र सम्मान और शिक्षक, प्रबंध समिति व अभिभावक बैठक का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने छात्र, शिक्षक, अभिभावक व पुरातन छात्रों के बीच संवाद की उपयोगिता पर बल दिया। बेसिक शिक्षा को बुनियादी शिक्षा बताते हुए कहा कि इसी पर आगे की समस्त पढ़ाई निर्धारित होती है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, समयबद्धता, कार्य के प्रति समर्पण और संकल्पित लक्ष्य के साथ सफलता हासिल करने का संदेश दिया।
इस दौरान 29 पुरातन छात्रों एवं 04 रोटरी क्लब मऊ के सदस्यों को सम्मानित किया गया एवं 79 पुरातन छात्रों का विद्यालय के दीवार पर नाम लिखकर उनके योग्यता और योगदान के बारे में चर्चा की गई। साथ ही पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गान, देशभक्ति गीत व डांडिया गीत पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर वाहवाही बटोरी।
शिक्षकों ने सम्मानित अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृतिचिन्ह व माला-फूल पहनाकर स्वागत किया।
समारोह में पहुंचे बीएसए संतोष उपाध्याय ने कहा कि बेसिक शिक्षा कामयाबी की जड़ होती है। इसी से माध्यमिक और उच्च शिक्षा की बुनियाद निर्धारित होती है। बेसिक शिक्षा के दौरान अभिभावकों की भी भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। सभी अभिभावकों को नौनिहालों के परिवेश पर ध्यान देना चाहिए। बुनियादी शिक्षा में नियमित होना बहुत आवश्यक है। इसलिए सभी माता-पिता को चाहिए कि नियमित रूप से अपने बच्चों को स्कूल भेजें और समय-समय पर स्कूल पहुंचकर छात्रों की रुचि और प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त करते रहें। बोला कि इसी विद्यालय के लगभग 30 पुरातन छात्र जो अधिकारी, शिक्षक, सेना आदि जैसे बड़े-बड़े पदों को सुशोभित किये हैं वे लोग क्षेत्र, समाज और गांव के लिए आदर्श हैं। उनके साथ वर्तमान छात्रों का संवाद उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा।
कार्यक्रम में पुरातन छात्र धीरेंद्र सिंह, जयशंकर सिंह, नित्यानंद मिश्रा, ओमप्रकाश सिंह, रामबचन, अमरनाथ, मोहन यादव, राजदेव यादव के साथ रानीपुर शिक्षा क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, ग्राम प्रधान रामअधार यादव ने अपने अनुभव साझा किया।
पुरातन छात्रों ने इस विद्यालय में अपने शैक्षणिक काल की बातें करते हुए भावुक हो गये। आश्वासन दिया कि हम सभी विद्यालय व बच्चों के चतुर्मुखी विकास में हमेशा सहयोग व मार्गदर्शन हेतु तैयार रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के विकास में महती भूमिका निभाने वाले पूर्व प्रधानाध्यापक बलदेव राम, संचालन वर्तमान प्रभारी प्रधानाध्यापक शिवशंकर राम व धन्यवाद ज्ञापन व्यायाम शिक्षक विजय नरायन यादव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अनिल चौरसिया, ग्राम पंचायत सचिव राहुल सिंह, सत्येंद्र कुमार, तिलकु प्रसाद, विजय मिश्र, दलसिंगार राम, अजीत यादव, सुभावती देवी, गोविंद चौहान, सुषमा देवी, चंद्रकला, कुंदन सिंह, अंजू बारी, पंकज सिंह, लौहर खरवार समेत सैकडों विद्यार्थी व अभिभावक मौजूद रहे।











Post a Comment