वार्षिकोत्सव में विशेष प्रदर्शन करने वाले 25 बच्चों को किया गया पुरस्कृत
◆सौसरवां प्राथमिक विद्यालय में सम्पन्न हुआ शारदा संगोष्ठी व अभ्युदय वार्षिकोत्सव
वार्षिकोत्सव की मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी श्वेता मौर्या, विशिष्ट अतिथि युवा भारत के राज्य प्रभारी बृजमोहन पांडेय, राष्ट्रीय निर्णायक योगासन सचिव राजन वैदिक व प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शशिभूषण राय ने सरस्वती प्रतिमा पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय परिवार के द्वारा गणमान्य आगत अतिथियों का बैज, पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र, माल्यार्पण व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि श्वेता मौर्या ने बच्चों के मनोहारी व हैरतअंगेज योग तथा पीटी प्रदर्शन सहित नृत्य संगीत के कार्यक्रमों की सराहना की। हाल ही में नेशनल योगासन चैम्पियनशिप में बेसिक शिक्षा परिषद के तरफ से प्रतिभाग करने और राष्ट्रीय स्तर पर आठवीं रैंक प्राप्त करने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामनिवास मौर्य की सराहना की। उन्होंने उपस्थित अभिभावक गण से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में परिषदीय विद्यालयों में नामांकन कराएं। बेसिक विद्यालयों के शिक्षक लगातार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत समवेत स्वर में राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष नान्हक राम, कुशल मंच संचालन प्रधानाध्यापक रामनिवास मौर्य एवं धन्यवाद ज्ञापन गांव के सम्मानित नागरिक नागेंद्र सिंह ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक प्रधानाध्यापक लालचंद प्रजापति, ग्रामप्रधान हिंदराज कुमार, बृजबिहारी सिंह, सुबाष सिंह, घनश्याम सिंह, आज़म खां, विजय सिंह, धनंजय सिंह, ज्योतिंद्रपति पांडेय, शगुफ़्ता यासमीन, शिवदान चौहान आदि उपस्थित रहे।





Post a Comment