बयालिस क्षत्रिय बिरादरी के अध्यक्ष बने शशिभूषण प्रताप
करहां, मऊ। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वाधान में करहां क्षेत्र के बयालिस गांवों के संगठन की एक आवश्यक बैठक रविवार को गुरादरी मठ पर हुई। इसमें सभी सम्मानित प्रतिनिधियों ने विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से शशिभूषण प्रताप सिंह को अध्यक्ष चुन लिया। मनोनयन के उपरांत प्रतिनिधियों ने करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए उन्हें माला-फूल व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। नये अध्यक्ष ने नये बदलावों व पारदर्शिता के साथ संगठन को मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया और घनश्याम साहब की समाधि व महंत भगवान दास के समक्ष मत्था टेक आशीर्वाद प्राप्त किया।
बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक अवधनाथ सिंह ने तो शशिभूषण सिंह के नाम का प्रस्ताव प्रमोद सिंह ने रखा। शमशाबाद के सम्मानित नागरिक व पेशे से बैंक अधिकारी रहे शशिभूषण प्रताप सिंह को सर्वसम्मति व ध्वनिमत से नया अध्यक्ष चुन लिया गया। गौरतलब हो कि यह पद पिछले अध्यक्ष रहे स्वर्गीय महेंद्र सिंह के निधन के बाद से खाली था।
नये अध्यक्ष शशिभूषण प्रताप सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि सभी छोटे-बड़े व समकक्षीय लोंगो के परस्पर प्रेम-सहयोग से संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। समयानुसार संगठन में बदलाव व पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जायेगा।
इस मौके पर सूर्यभान सिंह, जयजय सिंह, बुच्ची सिंह, जयप्रकाश सिंह, गुरुप्रसाद सिंह, संदीप दास, नागेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, चंद्रिका सिंह, गनेश सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।




Post a Comment