Top News

रास्ते पर बहते गंदे पानी से आवागमन में परेशानी

रास्ते पर बहते गंदे पानी से आवागमन में परेशानी

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के मालव ग्राम पंचायत के डीहा मुख्य बस्ती में दो स्थानों पर नालियों का गंदा पानी रास्ते पर जमा हो जा रहा है। इससे होकर गुजरने में ग्रामीणों एवं अन्य राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आसपास रहने वाले लोंगो पर संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने गंदे पानी के इस जलजमाव की समस्या से स्थायी रुप से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या वर्षो से ग्रामवासी झेलते आ रहे हैं। गांव में प्रवेश करते ही एक जीर्ण-शीर्ण नाली का पानी अक्सर ओवरफ्लो होकर रास्ते पर जमा हो जाता है। इससे उठती दुर्गंध व पानी के बीच से महिलाओं, रोगियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों को रोज होकर गुजरना पड़ता है। जबकि इस मार्ग से मालव, पिटोखर, देवरिया, सौसरवा, घरोहिया, पडेरुआ, अन्नूपार आदि अनेक गांवों के लोग भी गुजरते हैं। यह रास्ता दर्जन भर गांवों का मुख्य संपर्क मार्ग भी है। इसके अलावा इस गांव से पिटोखर जाने वाले मार्ग पर भी इसी प्रकार की समस्या है। यहां भी अक्सर नाली जाम होने से नाबदानों का गंदा पानी रास्ते पर जमा हो जाता है।

ग्रामीण सर्वेश तिवारी, रणविजय सिंह, अनिल गोंड़, अनीश सिंह, सोहन राजभर, अरविंद तिवारी, बृजभान सिंह, संजय तिवारी आदि ने बताया कि इस बाबत गांव के सफाईकर्मी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व सचिव से कई बार आग्रह किया गया है लेकिन इसके बावजूद कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से उक्त समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post