Top News

वार्षिकोत्सव में टॉपरों व विदा हो रहे छात्रों का हुआ सम्मान

वार्षिकोत्सव में टॉपरों व विदा हो रहे छात्रों का हुआ सम्मान

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय टड़वाँ चौबेपुर में वृहस्पतिवार को शारदा संगोष्ठी, वार्षिकोत्सव, विदाई व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय की सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका सावित्री देवी ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को जहां मेडल, ट्रॉफी व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं दूसरे स्कूलों में प्रवेश लेने जा रहे कक्षा 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपहार प्रदान कर विदा किया गया।

इस अवसर पर जनपद के एसआरजी संजय कुमार तिवारी द्वारा अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए आह्वान किया गया कि अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय समय से भेजें। बेसिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों को गिनाते हुए एसआरजी द्वारा बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन कराने हेतु समुदाय को प्रेरित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से आए हुए बड़ी संख्या में अभिभावकों का मनमोह लिया।

मुख्य अतिथि सावित्री देवी द्वारा विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी बच्चों को अंक पत्र, मेडल एवं ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। नोडल शिक्षक संकुल संतोष कुमार सिंह द्वारा विशेष तौर से विद्यालय से विदाई लेकर अगली कक्षा के लिए किसी अन्य विद्यालय में प्रवेश ले रहे छात्र छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कक्षा आठ के बच्चों को सदफ यास्मीन एवं मोहम्मद अहमर ने विशेष भेंट देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान तथा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में अभिभावक तथा बच्चे उपस्थित रहे। विद्यालय की अध्यापिका सदफ यास्मीन ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन भूपेन्द्र प्रताप सिंह एवं आए हुए अतिथियों का आभार विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरिलाल यादव ने प्रकट किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post