चित्रकला प्रतियोगिता में आस्था, समृद्धि व कशिश बनी विजेता
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत के त्रिपाठी चित्र मंदिर स्थित फैशन प्लस माल के अंदर रविवार को एक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शामिल विभिन्न स्कूलों के 50 विद्यार्थियों द्वारा बनाये गये चित्रों में से आस्था यादव को प्रथम, समृद्धि कुशवाहा को द्वितीय व कशिश चौहान को तृतीय विजेता घोषित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कस्बे के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डाक्टर शिवप्रकाश सिंह व डॉक्टर दीपक त्रिपाठी ने विजेताओं को ट्राफी, मेडल, प्रमाणपत्र व उपहार प्रदान कर पुरस्कृत किया।
इस मौके पर डाक्टर शिवप्रकाश सिंह ने आयोजक मंडल के इस कार्य की सराहना की। कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों के अंदर छुपी अनेक प्रतिभाएं प्रकाश में आती हैं। दरअसल हर बच्चा पढ़ने में ठीक नहीं हो सकता। सबकी अपनी-अपनी अलग क्षमता व मानसिक योग्यता होती है। परंतु इसका मतलब यह नहीं कि वह बच्चा किसी चीज में अच्छा नहीं होगा। हर एक बच्चे के अंदर कुछ न कुछ प्रतिभा छिपी होती है जो इस तरह की प्रतियोगिताओं से बाहर आती है। उन्होंने विजेताओं के साथ अन्य शामिल बच्चों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर संजय पांडेय, अभय कुमार सिंह, राजीव प्रजापति, विनय कुमार यादव, मंजू चौरसिया, राघवेंद्र कुशवाहा, मुकेश प्रजापति, सीमा सिंह, मोनू कुमार, अशोक चौहान, अजय प्रजापति आदि उपस्थित रहे।


Post a Comment