Top News

अन्य किसी धन से स्वास्थ्य धन बेहद महत्वपूर्ण : राजीव राय

अन्य किसी धन से स्वास्थ्य धन बेहद महत्वपूर्ण : राजीव राय

◆किंग्स इडेन इंटरनेशनल स्कूल में किया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन

◆माटी संस्था के सौजन्य से देखे गये 511 मरीज

करहां (मऊ) : स्वास्थ्य धन किसी भी अन्य धन से कहीं अधिक मूल्यवान है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इसके प्रति उतना जागरूक नहीं होते हैं। इसलिए आम जनता की सेवा के लिए सामाजिक संस्थाओं का योगदान बढ़ जाता है। विभिन्न सामाजिक सेवाओं में शिक्षा और चिकित्सा सर्वोत्तम सेवा मानी जाती है।

यह बातें मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत सदरपुर गालिबपुर स्थित किंग्स इडेन इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को घोसी से लोकसभा सांसद राजीव राय ने कहीं। वे यहां माटी व आरवीएनएल संस्था के सौजन्य से लगाये गये एक विशाल निश्शुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने उक्त संस्था के द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना किया। कहा कि यह बहुत ही पुनीत कार्य है, जिससे हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। सरकारी स्तर पर शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में तमाम प्रयासों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनता को अभी अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। माटी जैसी संस्थाओं के माध्यम से यहां देश के जाने-माने विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया जा रहा है, जो आम जनता के लिए वरदान है।

मुख्य अतिथि सांसद राजीव राय के कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रेमा मल्टी स्पेशलिटी हास्पिटल व किंग्स इडेन इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन डाक्टर प्रवीण मद्धेशिया व डाइरेक्टर मोनिका गुप्ता ने उन्हें बुके व स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया। इस शिविर में सुबह से देर शाम तक 511 मरीजों का निश्शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व जांच कर समुचित दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में हृदय रोग, चर्म रोग, महिला व प्रसूति रोग, बाल रोग, नेत्र रोग आदि के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मुफ्त परामर्श दिया एवं साथ ही शुगर, ब्लड प्रेशर , हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, आंखों की जांच, इसीजी, मलेरिया, टाइफाइड आदि की निःशुल्क जांच भी की गई।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल डॉक्टर आशुतोष चतुर्वेदी, गुड़गांव के चर्म रोग विशेषज्ञ गुरविंदर सिंह बग्गा, लेफ्टिनेंट कर्नल डॉक्टर शैलेन्द्र राय, सर्जन डॉक्टर प्रवीण मद्धेशिया, महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मोनिका गुप्ता, डॉक्टर उत्तम कुमार, जयशंकर गुप्ता, प्रशांत कुमार सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच किया और दवाइयां उपलब्ध कराई।

Post a Comment

Previous Post Next Post