गुरादरी व प्रयागरी की तर्ज पर आगरी धाम का होगा सुंदरीकरण
◆राजस्व टीम ने किया आगरी धाम जलपा पोखरी का सीमांकन
◆सद्धोपुर में आगरी धाम व अंबेडकर द्वार का हो चुका है भूमिपूजन
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र में कभी गुरादरी व प्रयागरी के समकालीन सुप्रसिद्ध आस्था का केंद्र रहे आगरी धाम का कायाकल्प किया जायेगा। इसके लिए पिछले दिनों अंबेडकर द्वार व आगरी धाम का भूमिपूजन भी किया जा चुका है। सोमवार को प्राचीन श्रीसिद्धेश्वर नाथ महादेव आगरी धाम जलपा पोखरी के सुंदरीकरण के लिए राजस्व टीम ने सीमांकन कर निशानदेही सुनिश्चित कर दी।
बता दें कि कालांतर में आगरी धाम गुरादरी व प्रयागरी की तरह प्रसिद्ध नहीं रह पाया। इसलिए ग्राम प्रधान देवंती देवी, समाजसेवी यशवंत सिंह व ग्रामवासियों ने निर्णय लिया कि इस स्थान का भी सुंदरीकरण कर पुराने वैभव के अनुसार पुनर्स्थापित किया जायेगा। इसी क्रम में सोमवार को राजस्व टीम ने इस प्राचीन जलाशय का सीमांकन कर खूंटा नसब किया।
हालांकि एक ग्रामीण ने जलाशय पर अतिक्रमण की शिकायत भी किया था जो सीमांकन के दौरान निराधार निकली। मौके पर उपस्थित दर्जनों ग्रामीणों ने आशा व्यक्त किया कि अब शीघ्र हमारे गांव का यह सिद्धेश्वरनाथ मंदिर व आगरी धाम प्रयागरी व गुरादरी की तर्ज पर चमक उठेगा।



Post a Comment