आंधी-पानी से टूटे तीन खंभों के तार, सैकड़ों घरों की बिजली गुल
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के आखिरी गांव नेवादा में गुरुवार को दोपहर आई तेज आंधी व पानी से बिजली के 11000 वोल्ट वाले तीन खंभों का तार टूटकर गिर गया। हालांकि इससे कोई दुर्घटना तो नहीं हुई लेकिन सैकड़ों घरों की विद्युत आपूर्ति बाधित होने से वे लोग 36 घंटे से अंधेरे में डूबे हुये हैं। प्रकाश और पानी की समस्या से आजिज ग्रामवासियों ने बिजली विभाग से टूटे तारों की मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
बिजली नहीं आने से सैकड़ों घरों के लोग दो रातों से घुप अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। समर्सिबल नहीं चलने से टंकिया खाली हो गयी है। सैकड़ों लोग हैंडपम्प के सहारे जीवन यापन को मंजबूर हो गये हैं। पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र व सामुदायिक शौचालय में बिजली-पानी की आपूर्ति बंद हो गयी है। आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे नौनिहालो के भोजन बनाने में भी मुश्किल आ रही है।
ग्रामप्रधान इंद्रराज यादव ने बताया है कि सूचना देने के बावजूद दो दिन से कोई भी विद्युतकर्मी सुधि लेने नहीं आया। हमारा गांव मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक का आखिरी गांव है जिसकी विद्युत आपूर्ति चिरैयाकोट फीडर से होती है। सबसे आखिरी में बसे होने के कारण हमारे साथ हमेशा भेदभाव किया जाता है। कभी भी कुछ बिगड़ जाने पर हफ्तों बाद ठीक किया जाता है जिससे ग्रामीणों को भयंकर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामवासी प्रमोद यादव, सुदामा प्रसाद, छोटू सरोज, अखिलेश यादव, गंगा प्रसाद, किशुन यादव, राजेश यादव, अरविंद यादव, अभिषेक यादव आदि ने टूटे तारों की शीघ्रातिशीघ्र मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की अपील की है।
इस संबंध में चिरैयाकोट जेई अर्जुन कुशवाहा ने बताया कि नेवादा में तार टूटने की जानकारी हुई है। कई जगह तार व खंभे क्षतिग्रस्त होने से विद्युतकर्मी मरम्मत में लगे हैं। शनिवार नेवादा में भी मरम्मत कर बिजली बहाल कर दी जायेगी।


Post a Comment