शारदा संगोष्ठी व वार्षिकोत्सव में मेधावियों को किया गया पुरस्कृत
◆धूमधाम से मना सुरहुरपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय का वार्षिकोत्सव
◆परिषदीय विद्यालयों में निजी विद्यालयों से अच्छी सुविधा : बीईओ श्वेता मौर्या
◆शिक्षा है अनमोल रतन, बिन शिक्षा नर पशु समाना : अनिल चौधरी
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के सुरहुरपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को शारदा संगोष्ठी व भव्य वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आगत गणमान्य अतिथियों का स्वागत सम्मान सहित मेधावी छात्रों एवं विदा हो रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा में सफल 06 विद्यार्थियों को बीईओ श्वेता मौर्या ने मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सभाध्यक्ष संजय तिवारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शशिभूषण राय, मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षाधिकारी श्वेता मौर्या व एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने सरस्वती पूजन व दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में वीणा के बजईया, स्वागत करूं आज तुम्हारा, बिन शिक्षा जीवन अधूरा, तिरंगा ऊंचा रहेगा, बड़ा नीक लागेला देशवा के माटी, मुरलिया दे दो राधा, आधी रोटी कम खइह बेटी के पढईह, जीना है तो पापा शराब मत पीना, भईहा बचवन के पढईहा, पयलिया कान्हा बोले आदि मनोहारी प्रस्तुतियों ने लोंगो का मन मोह लिया।
आगत गणमान्य अतिथियों का प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रतिमा राय ने सहयोगियों संग मिलकर माला-फूल, बुके व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी श्वेता मौर्या ने बच्चों के कार्यक्रम की सराहना की। कहा कि आजके परिषदीय विद्यालय किसी निजी शिक्षण संस्थाओं से कम नहीं हैं। यहां अच्छी शिक्षा के साथ अनेक सुविधाएं मिल रही हैं। इसलिए आप सभी लोग बढ़-चढ़ कर इस विद्यालय में अपने बच्चों का प्रवेश करायें।
एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में पठन-पाठन के साथ पाठ्य सहगामी क्रियाओं व गतिविधियों का प्रमुख योगदान बताया। अनिल चौधरी ने कहा कि कम खाओ पियो लेकिन शिक्षा जरूर ग्रहण करो। शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन। शिक्षा बिन नर पशु समाना।
इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रवण कुमार यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक ओमप्रकाश दूबे, राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह, आशा देवी, रामसहाय यादव, सुनीता पांडेय, अमर सिंह, संजय राय, अर्चना सिंह, अनवार अहमद, कुँवर अजीत सिंह, नीरु राय समेत अनेक अभिभावक व सैकड़ों विद्यार्थीगण मौजूद रहे।










Post a Comment