Top News

महाराणा की कांस्य प्रतिमा हेतु मुख्यमंत्री से मिल जताया आभार

महाराणा की कांस्य प्रतिमा हेतु मुख्यमंत्री से मिल जताया आभार

◆भदीड़ निवासी इटावा में आईपीएस अनिल सिंह ने भेंट किया राणा प्रताप का चित्र

◆देवलास में प्रतिमा लगाये जाने पर मुख्यमंत्री से किया लोकार्पण का आग्रह

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के देवलास स्थित स्मारक स्थल पर बुधवार को शासन से महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार कांस्य प्रतिमा स्थापित किये जाने की स्वीकृति मिली। इस अभियान के सूत्रधार स्थानीय भदीड़ गांव निवासी एवं इटावा में पीएसी के आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया ने शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मिलकर आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री को महाराणा प्रताप की जयंती पर उनका चित्र भेंट कर अभिनंदन किया। साथ ही शासन द्वारा देवलास में चेतक सवार कांस्य प्रतिमा स्थापित होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लोकार्पण कराने को लेकर आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कार्य पूर्ण होने की शुभकामना समेत लोकार्पण का आश्वासन दिया।

बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार में संयुक्त सचिव उमा द्विवेदी ने संस्कृति निदेशालय को देवलास में चेतक पर सवार महाराण प्रताप की कांस्य प्रतिमा स्थापित किये जाने को लेकर बुधवार को शासनादेश निर्गत किया। इसको लेकर महाराणा प्रताप संस्कृति एवं सामाजिक नवचेतना संस्थान ने ख़ुशी जाहिर की। इस सम्पूर्ण अभियान की अग्रणी भूमिका में रहे भदीड़ निवासी आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया ने शुक्रवार को देर शाम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर संगठन व क्षेत्रीय जनमानस की तरफ से धन्यवाद ज्ञापित किया।

उन्हें अवगत कराया कि देवलास को अयोध्या का पूर्वी द्वार कहा जाता है और यह जनपद का एक महत्वपूर्ण धार्मिक, पौराणिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व सामाजिक स्थल है। यहां महाराणा प्रताप स्मारक स्थल पर 1984 में स्थापित हुई राणा प्रताप की प्रतिमा का लोकार्पण उनके पूज्य गुरुदेव व तत्कालीन गोरक्ष पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन संत व महंत अवैद्यनाथ ने किया था। इसलिए क्षेत्रवासियों की हार्दिक इच्छा है कि नवीन मूर्ति की स्थापना उपरांत उसका लोकार्पण वर्तमान गोरक्ष पीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर कमलों के द्वारा हो।

इस आग्रह पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के महान पराक्रमी, शूरवीर व प्रतापी राजा की प्रतिमा स्थापना को लेकर शुभकामनाएं दीं एवं कार्य पूर्ण होने पर स्वयं आकर लोकार्पण का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post