शिवाला ट्रस्ट महादेव मंदिर, हरदसपुर-मऊ
करहां (मऊ) : जिले के हरदसपुर गांव में दो सदियों पुराना शिवाला ट्रस्ट मंदिर स्थित है। प्राचीन शिवाला का ग्रामीणों ने जहां जीर्णोद्धार कराके सुरक्षित रखा है, वहीं इसके बगल में तीन वर्ष पहले ग्रामीणों द्वारा बनाये गये शिवाला ट्रस्ट द्वारा मंगलमूर्ति संकट मोचन हनुमानजी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। शिवाला व हनुमानजी का मंदिर देख कर ये कोई नहीं कह सकता कि दोंनो मंदिरों के निर्माण में दो सदियों का अंतर है।
मंदिर का इतिहास : 52 बीघे के बसुहड़ नामक मनोरम सरोवर के किनारे स्थित शिवाला लगभग दो सदी से भी ज्यादा प्राचीन है। यह तीन तरफ से सम्पर्क मार्ग से जुड़ने के कारण हजारों श्रद्धालुओं की आस्था व विश्वास का केंद्र है। 1934 के भीषण भूकंप में इस मंदिर की चौखट टूट गयी थी, पर सबकी मनोकामना पूरी करने वाले भोलेनाथ का चमत्कार ही था स्फटिक का शिवलिंग और पूरा शिवाला ज्यों का त्यों बना रहा। बाद में उस समय गांव के लोगों ने एक पत्थर की देहरी लगवाई जिस पर आज भी भूडोल सं. 1990 खुदा हुआ है।
मंदिर की विशेषता : शिवाला ट्रस्ट के महादेव बहुत जाग्रत हैं। यहां सैकड़ों बर्षो से महाशिवरात्रि पर लगने वाला मेला और दंगल आज भी पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है। पुरातन व आधुनिकता को समेटे हुए इस आध्यात्मिक केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, ताकि सावन आदि महत्वपूर्ण समय में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।शिवाला ट्रस्ट का अपना बैंक खाता व एक व्हाट्सएप ग्रुप भी है, जिसमें देश विदेश के लगभग 150 श्रद्धालु जुड़े हैं। यहां हर मंगलवार, शनिवार और पूर्णिमा के दिन शाम को सुंदरकांड का संगीतमय पाठ होता है।
•इस शिवाला पर जिसने भी बाबा को एक लोटा जल चढ़ाया बाबा ने उसकी मनोकामना अवश्य पूरी की है। अवढरदानी आशुतोष भगवान के इस चौखट से कोई खाली हाथ नहीं जाता और संकट मोचन महाराज के दर्शन मात्र से ही भक्त सभी परेशानियों से मुक्त होकर सुख व समृद्धि प्राप्त करते हैं। हमारे ऊपर स्वयं महादेव की अहेतुक कृपा है और मेरे दो बच्चे शासकीय सेवा में हैं।
-निरंजन पांडेय, पुजारी•शिवाला ट्रस्ट के अध्यक्ष के रुप में मंदिर की सेवा में तन, मन, धन से लगा रहता हूं। इस शिवाला की कृपा है की मेरे गांव के कई बच्चे राज्य व केंद्रीय सेवाओं, शिक्षा जगत में राजपत्रित अधिकारी, सहायक, आचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, अभियंता और व्यवसाय में भी शीर्ष पर हैं। महादेव सबका मंगल करें। हर-हर महादेव।
-वीर प्रकाश सिंह, शिवभक्त


Post a Comment