कृषक संगोष्ठी में किसानों को दिया गया मृदा स्वास्थ्य कार्ड
•पीएम किसान सम्मान निधि वितरण का देखा गया सीधा प्रसारण
•किसान सम्मान निधि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रही मजबूती : पूनम व डॉक्टर उमेश सरोज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक सभागार में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त के सफल वितरण को लेकर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने किसानों की स्थिति सुधारने के प्रयासों में लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा देश व प्रदेश के कृषि मंत्री शिवराज चौहान व सूर्यप्रताप शाही के प्रयासों की सराहना की और उपस्थित किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि भाजपा नेत्री व निवर्तमान विधानसभा प्रत्याशी पूनम सरोज व डॉक्टर उमेश सरोज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने बताया कि पीएम किसान योजना के तहत इस बार ब्लाक क्षेत्र के करीब 28 हजार किसानों के बैंक खातों में सीधे पीएम किसान सम्मान निधि की राशि भेजी गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना कृषि आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लालजी वर्मा ने किसानों की आय बढ़ाने व देश को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा करने के लिए भाजपा सरकार की विभिन्न नीतियों की जानकारी दी। कहा कि हमारी सरकार किसानों को समृद्धशाली बनाने में लगी है। जिस देश का किसान खुशहाल नहीं होगा वह देश विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता है। इसलिए पीएम मोदी व सीएम योगी किसानों के चौमुखी विकास कार्यों के लिए प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम में मौजूद सहायक खंड विकास अधिकारी कृषि संतोष मिश्रा ने किसानों को ई-केवाईसी, भू-अभिलेख सत्यापन, किसान फार्मर रजिस्ट्री और बैंक खाता अपडेट कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि शेष किसान यदि समय रहते प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं तो अगली किश्त से वंचित रह सकते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता व प्रांतीय परिषद के सदस्य छोटू प्रसाद, भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा, एसडीओ मिथिलेश कुमार, प्राविधिक सहायक विजय कुमार मौर्य, आशीष चौधरी, ओंकार सिंह मुन्ना, सतीश मिश्रा, राहुल सिंह, संतोष सिसोदिया सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।




Post a Comment