सद्धोपुर प्राथमिक विद्यालय का विलय रद्द होने पर जताया हर्ष
•पड़ोसी गांव देवसीपुर में हुआ था विलय
•नियम व शर्तें पूरी रहने पर अधिकारियों ने किया बहाल
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के सद्धोपुर प्राथमिक विद्यालय का विलय रद्द कर दिया गया। इस खबर से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों सहित अध्यापकों ने हर्ष जताया है। बुधवार को विद्यालय परिसर की सजावट कर सरस्वती पूजन किया गया एवं बच्चों का स्वागत अभिनंदन कर पुनः पठन-पाठन शुरु किया गया। इस दौरान सबने इसके लिए प्रयास करने वाली गांव की महिला ग्राम प्रधान देवंती देवी का अभिनंदन किया एवं खंड शिक्षा अधिकारी व बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रति आभार जताया।
बता दें कि पिछले दिनों नए नियमों के तहत उक्त विद्यालय का विलय पड़ोसी गांव देवसीपुर में कर दिया गया था। नियम व शर्तों को पूरा दिखाते हुए इसका विलय रद्द करने के लिए ग्राम प्रधान देवंती देवी सदैव प्रयासरत रहीं। अंततः उच्चाधिकारियों की जांच व निरीक्षण में मर्ज हुए स्कूल से उसकी दूरी अधिक पाई गई। इसके उपरांत खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी की संस्तुति पर बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय ने सद्धोपुर प्राथमिक विद्यालय की पेयरिंग रद्द कर पुनः उसका संचालन बहाल कर दिया।
इस आशय का पत्र पाकर इसमें पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बुधवार को समारोह पूर्वक स्कूल की साफ-सफाई व सजावट कर पंडित घरभरन महाराज ने ग्राम प्रधान देवंती देवी, भाजपा जिला प्रतिनिधि स्वर्ण प्रताप सिंह सोनू व प्रधानाध्यापक हरिगोविंद सिंह द्वारा सरस्वती पूजन करवाया। इस दौरान ग्राम प्रधान देवंती देवी का अभिनंदन किया गया एवं बीईओ व बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय बहाल करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस दौरान बच्चों का तिलक चंदन कर स्वागत किया गया एवं उनका मुंह मीठा मीठा कराया गया। उन्हें विशेष स्वादिष्ट पकवानों के साथ मध्याह्न भोजन परोसा गया।
इस अवसर पर सभाजीत सिंह, ओटनी ग्राम प्रधान प्रमोद यादव, बलिराम चौहान, दुर्गविजय राजभर, शिवबचन राजभर, रामप्यारे राजभर, धर्मराज राम, संजीव राम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती ममता सिंह सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं व अभिभावक उपस्थित थे।
•प्राथमिक विद्यालय सद्धोपुर का विलय रद्द कर दिया गया है। चूंकि मर्ज हुए स्कूल से उसकी दूरी अधिक थी और बच्चों को आने-जाने में दिक्कत थी। इसलिए उस विद्यालय को पुनः बहाल कर दिया गया।
◆ओमप्रकाश तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी, मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ



Post a Comment