खस्ताहाल सड़कों से होकर कैसे करें रामलीला, दशहरा व माँ दुर्गा का अवलोकन-?
शमशाबाद की सड़क पर गड्ढों की भरमार, चोटिल हो रहे लोग
शिकायत पर विभाग की तरफ से नहीं की जा रही कोई पहल
करहां (मऊ) : नवरात्र, रामलीला, दशहरा व दुर्गापूजा की न चौतरफ़ा धूम है। इसके बावजूद शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह से बदहाल हो गई हैं। इस पर चलना मुश्किल हो रहा है। यही नहीं आएदिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बारिश के बाद तो यह सड़कें तालाब में तब्दील हो जा रही हैं। अब त्योहार का समय चल रहा है। इसके बावजूद अभी तक सड़कों की स्थिति ठीक नहीं की जा रही है। इससे लोग पूरी तरह से परेशान हैं।
बता दें कि चिरैयाकोट-मुहम्मदाबाद गोहना मुख्य मार्ग से होकर निकलने वाली करहां क्षेत्र की ज्यादातर लिंक मार्गों की दशा पूरी तरह से बदहाल है। यह मार्ग शमशाबाद, याकूबपुर, डपेहड़ी, दरौरा, सम्मोपुर, भुसुवा, दतौली, मण्डूसरा, बकरी आदि गांवों को जोड़ता है। यह मुख्य सड़क पूरी तरह से जर्जर व क्षतिग्रस्त हो गई है। इस सड़क पर चलने वाले बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं अक्सर घायल होते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सन् 2024 एवं 2025 में पीडब्ल्यूडी ने सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन यह छह महीने तक नहीं चल सकी। वर्तमान समय में सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त व गड्ढे में तब्दील हो गई है। शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसकी वजह से लोग परेशान हैं। इसी तरह याकूबपुर जाने वाली यह सड़क भी पूरी तरह से खराब है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बन जाने के बाद भी इसकी मरम्मत का काम पूर्ण नहीं हुआ। इससे दर्जनों गांवों के लोंगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।●शमशाबाद चट्टी पर जलजमाव व कीचड़ का अंबार है। इधर से गुजरने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
◆अरुण यादव, शमशाबाद ।●मार्ग इतना खराब हो गया है कि आएदिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। यही नहीं स्कूली बच्चे भी परेशान होते हैं। कई बार लोगों से शिकायत की गई लेकिन कुछ नहीं हो रहा है।
◆विनोद यादव, शमशाबाद।●करहां-पलिया मार्ग के आरएएफ महिला पीजी कालेज शमशाबाद के मुख्य द्वार के पास से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के भांटीकला अंडरपास तक जाने वाला लिंक मार्ग पिछले चार साल से क्षतिग्रस्त है। इस बारिश के मौसम में जीर्णोद्धार न होने के कारण जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसमें बारिश का पानी जमा हो जाता है। आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
◆मुन्ना, शमशाबाद।●यह सड़क दो साल में पीडब्ल्यूडी के माध्यम से दो बार बनाई जा चुकी है। इसके बावजूद छह महीना से ज्यादा सड़क नहीं चल पाती है। इसकी वजह से आएदिन परेशानी हो रही है।
◆अनिल यादव, शमशाबाद







Post a Comment