बीएसए ने नौ कन्याओं का पूजन कर प्रदान की नवदुर्गा छात्रवृत्ति का चेक
◆माहपुर कम्पोजिट विद्यालय के नवाचारी शिक्षकों को किया सम्मानित
◆207 के सापेक्ष 204 छात्र-छात्राओं को पहनाया आईडी कार्ड
करहां( मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना में नवाचारों के लिए ख्यातिप्राप्त कम्पोजिट विद्यालय माहपुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय द्वारा नवरात्रि के प्रथम दिन मेधावी बालिकाओं के लिए नवदुर्गा छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ किया गया। उन्होंने इस दौरान नौ कन्याओं का पूजन कर उन्हें नवदुर्गा छात्रवृत्ति योजना का चेक दिया। साथ ही सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की एवं विद्यार्थियों को नव निर्मित आईडी कार्ड का वितरण किया।
गौरतलब हो कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय के तरफ़ से प्रति महीने 09 मेधावी बेटियों को 100-100 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा प्रति महीने 09 मेधावी बेटियों का चयन किया जायेगा और उन्हें पढ़ाई हेतु प्रेरित करने के लिए 100-100 रुपये महीने सहयोग राशि के रूप में छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वर्ष में कुल 108 बेटियों को 10800 रुपये छात्रवृत्ति स्वरूप दी जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने विद्यालय द्वारा शुरू किए गए इस योजना की जमकर तारीफ की और कहा कि मेधावी बेटियों के लिए आगे बढ़ाने हेतु यह नवदुर्गा छात्रवृत्ति योजना मददगार साबित होगी। साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय के 207 बच्चों के सापेक्ष उपस्थित 204 बच्चों को आईडी कॉर्ड वितरित किया गया। संतोष कुमार उपाध्याय ने कहा कि इस नवाचार के लिए शिक्षको की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने यहां चलाये जा रहे चिल्ड्रेन बैंक की भी तारीफ़ की। विद्यालय द्वारा चलाये जा रहे अन्य नवाचार स्टार स्टूडेंट्स ऑफ मन्थ, मासिक उपस्थिति पुरस्कार योजना, शनिवार मस्ती की पढशाला आदि की भी तारीफ किया। कहा कि जल्द यह विद्यालय जिले व प्रदेश के श्रेष्ठ विद्यालय में शामिल होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक प्रेमशंकर तिवारी सहित सभी स्टाफ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। बच्चों द्वारा मनमोहक परिधान पहनकर कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया एवं माला-फूल व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया।
प्रधानाध्यापक प्रेमशंकर तिवारी ने बीएसए मऊ व साथ आए कार्यालय पटल सहायक जितेंद्र सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। सफल संचालन सहायक अध्यापक राजीव मौर्य ने किया। इस मौके पर नीलम दूबे, अभिषेक सरोज, हेमन्त कुमार पांडेय, नीलिमा यादव, शहजादी बानो, गौतम विश्वकर्मा, समस्त रसोइया माँ, अनेक अभिभावक गण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





Post a Comment