सर्पदंश से युवती की मौत, डोली उठने से पहले उठी अर्थी
करहां (मऊ) : रानीपुर थानाक्षेत्र के याकूबपुर गांव निवासिनी सो रही एक 20 वर्षीय युवती ने सोमवार-मंगलवार की रात में नींद से जगकर दर्द और चक्कर आने की बात बताई। स्वजन उसे करहां बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने किसी विषैले जंतु के काटने की बात बता हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिवार वाले युवती को बड़हलगंज ले जा रहे थे कि रास्ते में वह अचेत हो गई। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने सर्पदंश के कारण उसे मृत घोषित कर दिया। सुबह घर में चौकी के नीचे बिल में सांप देख स्वजन असल कारण समझ पाए। परिवार वालों ने पुलिस को बिना सूचना दिए मंगलवार अपराह्न युवती का जल प्रवाह कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि युवती सुषमा चौहान पुत्री रामसरीख चौहान की 25 अप्रैल को शादी तय थी। डोली उठने से पहले उसकी अर्थी उठने से मां रीता देवी सहित स्वजन में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। युवती तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बड़ी बहन की शादी हो गई थी। युवती के दो भाई 13 वर्षीय शिवम व 11 वर्षीय शिवानंद हैं।
स्वजनों के अनुसार सांप या किसी अन्य जंतु के काटने की बात स्पष्ट न होने पर अस्पताल में पहुंचने में हुई देरी के कारण बिटिया को जान गंवानी पड़ी। पिता मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। शादी से पहले आकस्मिक व असमय रुप से मृत हुई युवती के निधन से गांव में जहां मातम है, वहीं स्वजन बेहाल हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष रानीपुर सुभाषचंद्र ने बताया कि याकूबपुर में युवती के सर्पदंश से मौत की किसी ने सूचना नहीं मिली है।

Post a Comment