Top News

पशु आरोग्य मेला में 732 पशुओं की हुई निःशुल्क जांच व दी गई दवाएं

पशु आरोग्य मेला में 732 पशुओं की हुई निःशुल्क जांच व दी गई दवाएं

-मुख पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालन को बढ़ावा देने का किया आह्वान

-सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं पाशुपालक : अरुण सिंह

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना अंतर्गत नासिरपुर गांव में मंगलवार को पशुपालन विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि रानीपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अरुण सिंह और विशिष्ट अतिथि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार गिरी ने संयुक्त रूप से गौपूजन और फीता काटकर किया। इस अवसर पर 732 पशुओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर दवाएं वितरित की गईं। साथ ही एक गिलटी व फोड़ायुक्त बकरी का मौके पर ही ऑपरेशन भी किया गया।

मुख्य अतिथि अरुण सिंह, सीवीओ मऊ अरविंद कुमार गिरी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नासिरपुर दिनेश मिश्रा बीनू व पशु चिकित्साधिकारी चिरैयाकोट डॉक्टर संजय सिंह ने सबसे पहले विधिविधान से गौपूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 

अरुण सिंह ने कहा कि पशुपालन हमारे देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी है। सरकार पशुपालकों के हित में नंद बाबा पुरस्कार योजना, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री स्वदेशी गोसंवर्धन योजना, चारा विकास व पशुपालक प्रशिक्षण जैसी कई योजनाएं चला रही है। युवाओं को चाहिए कि वे स्वरोजगार के इस पारंपरिक लेकिन लाभकारी क्षेत्र की ओर आगे बढ़ें।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद गिरी ने कहा कि विभाग लगातार गांव-गांव पहुंचकर पशुपालकों को सुविधाएं व जानकारी दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज घरों में पशुओं की संख्या घट रही है, जबकि हमारी संस्कृति में हर देवी-देवता के साथ किसी न किसी पशु का संबंध जुड़ा है, जो उनके महत्व को दर्शाता है।

कार्यक्रम संयोजक चिरैयाकोट पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजय सिंह ने बताया कि बरसाती मौसम और संक्रमण काल में पशुपालकों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। पशुओं को हर तीन महीने में कीड़े की दवा अवश्य देनी चाहिए और मच्छरों से बचाव के उपाय करने चाहिए, क्योंकि वे कई बीमारियों के वाहक होते हैं।

इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिनेश मिश्र बीनू ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच से खंड विकास अधिकारी रमाकांत कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. कन्हैया लाल, भूषण यादव व सत्यप्रकाश यादव ने पशुपालन को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम बताया। आगत गणमान्य अतिथियों ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनोज राम, भाजपा नेता सुधीर दूबे, चंदन दूबे, पूर्व प्रधान कामता राम, वीरभान राम, मंजू देवी, बैजनाथ राम, संकठा प्रसाद, बेचनी देवी सहित बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post