सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान ने युवाओं के लिए आयोजित किया सहभोज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत बंदीघाट स्थित एक विद्यालय पर सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान सोफीगंज के द्वारा संचालित यूपी यूथ प्रोजेक्ट के तहत रविवार को बंदीघाट में गठित युवा शक्ति युवा मंडल एवं लाडली किशोरी संगठन के युवाओं द्वारा सहभोज कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें बढ़चढ़कर युवाओं व किशोरियों ने प्रतिभाग किया एवं वक्ताओं की बातों को ध्यान से सुना।
इस सहभोज का उद्देश्य भेदभाव, छुआछूत, जाति धर्म से ऊपर उठकर लोगों को जीवन यापन करने का संदेश देना है। साथ ही एक बैठक आयोजित कर युवाओं ने आपसी सहयोग के संबंध में चर्चा की। बैठक में उपस्थित नवोदय विद्यालय के भूतपूर्व शिक्षक एवं विद्यालय के प्रबंधक सुरेश भारद्वाज ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा कल का राष्ट्र निर्माता है, जिसे संवैधानिक मूल्यों के दायरे में रहते हुए देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना है। यह सहभोज कार्यक्रम उसी की एक मिसाल है। अतः सभी युवा जाति-धर्म से ऊपर उठकर आपस में भाई-चारा कायम कर एक नई दिशा में जाने का प्रयास करें।
कार्यक्रम में संस्था प्रमुख सतीश कुमार पांडेय ने सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों को आत्मसात कर युवा अपने व्यवहार में परिवर्तन लाएं व अपने तथा अपने परिवार में आपसी सामंजस्य स्थापित करने में योगदान दें। सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास, भेदभाव मुक्त समाज, सबको समान अधिकार, सभी को समान न्याय विषय पर सबको जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में फैसिलिटेटर शिवम पांडेय, पंकज पांडेय, कमलकांति सहित लाडली किशोरी संगठन, युवा शक्ति क्लब, जय मां काली युवा क्लब के युवा एवं किशोरियां मौजूद रहीं।

Post a Comment