Top News

सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं पशुपालक : अरुण सिंह

सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं पशुपालक : अरुण सिंह

•मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के नासिरपुर में आयोजित हुआ पशु आरोग्य मेला

•732 छोटे-बड़े पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपलब्ध कराई गई दवा

करहां (मऊ) : पशुपालन विभाग के तत्वाधान में मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत नासिरपुर में मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि रानीपुर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अरुण सिंह व विशिष्ट अतिथि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर अरविंद कुमार गिरी ने गौपूजन करके फीता काटते हुए मेले का शुभारंभ किया। इसमें पशुओं की विभिन्न बीमारियों व उत्तम स्वास्थ्य के उपाय बताए गए। साथ ही छोटे-बड़े 732 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर समुचित दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य अतिथि अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पशुपालन हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहा है। आज हमारा देश पूरे विश्व में दुग्ध उत्पादन में सबसे आगे है, लेकिन वर्तमान समय में युवा पीढ़ी इससे दूर भाग रही है। जबकि यह घर परिवार में रहते हुए स्वरोजगार का एक उत्तम साधन है। हमारे देश व प्रदेश की वर्तमान सरकार नंद बाबा पुरस्कार योजना, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री स्वदेशी गोसंवर्धन योजना, सेक्स साट्रेड कृत्रिम गर्भाधान योजना, चारा विकास योजना, पशुपालक प्रशिक्षण योजना, चारा विकास योजना, बकरी व भेंड़ पालन जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से लाभ प्रदान कर रही है। मेरा सभी पशुपालक बंधुओ से आग्रह है कि आप सभी जागरुक होकर आगे आएं और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपने देश व प्रदेश को संवृद्ध बनाएं।

विशिष्ट अतिथि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी मऊ अरविंद कुमार गिरी ने कहा कि इस आयोजन में पशुपालकों के पास जाकर विभाग उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी दे रहा है, लेकिन यह जानकर थोड़ी चिंता होती है कि पहले की अपेक्षा हमारे घरों में गौमाताओं व अन्य पशुओं की कमी होती जा रही है। हमारे धर्म व अन्य संप्रदायों के देवी-देवताओं व धर्मगुरुओं के साथ में किसी न किसी पशु पक्षी व जानवर को देखा जाता रहा है। यह सारा कुछ उनके महत्व को दर्शाता है। इसलिए आप सभी लोग सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर पशुपालन में वृद्धि करें।

कार्यक्रम के संयोजक चिरैयाकोट पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर संजय सिंह ने बताया कि किसी भी मौसमी संक्रमण काल या बरसात व इसके उपरांत पशुपालकों को अपने पशुओं का विशेष ध्यान रखना चाहिए। अपने पशुओं को कीड़ी व केंचुए की दवा नियमित 3 माह में जरुर प्रदान करें। मच्छर कई रोगों के वाहक हैं इसलिए पशुओं को इनसे बचाएं। यहां तक कि वर्तमान में तेजी से चल रही लंपी बीमारी में भी वाहक के रुप में इनकी प्रमुख भूमिका है। इसलिए पशुओं को इन्हें बचाना चाहिए। गर्भवती गायों व भैंस आदि को भी नियमित कीड़ी की दवा दें। इस भ्रम में न रहें कि इससे उन्हें नुकसान हो जाएगा। कहा कि दुधारु पशुओं के नवजात बच्चों को उनकी मां का पहला दूध समय से जरुर पिलाएं। उनके वजन के अनुसार 10 प्रतिशत दूध इन्हें जरुर पिलाएं।

कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों के पहुंचने पर नासिरपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिनेश मिश्र बीनू व पशु चिकित्सकों ने सबका माल्यार्पण कर स्वागत अभिनंदन किया। साथ ही उपयोगी जानकारी व स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को खंड विकास अधिकारी रानीपुर रमाकांत कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, पशु चिकित्साधिकारी इटौरा डाक्टर धर्मेंद्र सिंह, पशु चिकित्साधिकारी खुरहट डाक्टर कन्हैया लाल, पशुधन प्रसार अधिकारी भूषण यादव व सत्यप्रकाश यादव ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर सरसेना जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनोज राम, भाजपा नेता सुधीर दूबे व चंदन दूबे, वीरभान राम, पूर्व प्रधान कामता राम, मंजू देवी, बैजनाथ राम, शशिकला, मत्तू राम, मंशा देवी, संकठा प्रसाद, बेचनी देवी सहित सैकड़ों पशुपालक उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post