शैक्षिक उन्नयन कार्यक्रम प्रतिभावान विद्यार्थी हुए पुरस्कृत, बीईओ हुए सम्मानित
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कोठिया में सोमवार को शैक्षिक उन्नयन कार्यक्रम बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने और बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना जगाने के उद्देश्य से जहां मेधावी छात्रों को अध्ययन सामग्री प्रदान कर पुरस्कृत किया गया, वहीं प्रधानाध्यापक सहित सभी स्टाफ ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि शिक्षा रूपी उपवन के छात्र रूपी पुष्पों को सिंचित करने के लिए सम्यक दृष्टि और आचरण आवश्यक है। उन्होंने शिक्षक, अभिभावक और छात्र के बीच बेहतर संवाद को शिक्षा के विकास की आधारशिला बताया। प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लोवर-टीशर्ट, बैग, कॉपी, पेन व पेंसिल वितरित कर छात्रों का उत्साहवर्धन किया गया। इस पहल ने विद्यालय परिसर में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।
इस दौरान ग्राम प्रधान रामपलट राम, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शशिभूषण राय, शिक्षक प्रभात राय, अभिनव तिवारी, मनोज चौहान, तैयब अंसारी, रोहित गुप्ता, सैय्यद अम्मार, रामनरेश और निशा कुमारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक व बच्चे मौजूद रहे जिन्होंने विद्यालय परिवार की इस प्रेरणादायी पहल की सराहना की।




Post a Comment