दो भाइयों पर लाखों रुपए के धोखाधड़ी का आरोप, केस दर्ज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के भदवां गांव निवासिनी एक महिला ने गांव के दो सगे भाइयों पर आधा दर्जन लोगों से धोखाधड़ी कर साढ़े तेरह लाख रुपए के फ्राड करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनो आरोपितो पर धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार भदवा गांव निवासी सुमन पत्नी इंद्रदेव का आरोप है कि गांव के ही निवासी दो सगे भाई विनोद और राम समुझ प्रजापति पुत्र तूफानी यूनियन बैंक की फ्रेंचाइजी चलाते हैं। लगभग 3 साल पहले आरोपितों ने एक निजी बैंक फेनो में पैसा जमा कराने पर प्रतिमाह ब्याज की रकम मिलने का लालच देकर पीड़िता से 5 लाख रुपए जमा कराया। आरोपितों ने जमा रकम का फर्जी बांड देकर पैसा सुरक्षित होने का आश्वासन दिया। इसके अलावा भदवा गांव के मोनू प्रजापति से 2 लाख, ममता गोंड से एक लाख, धौरहरा गांव के अब्दुल रजाक से 5 लाख, सलोनी राजभर से 18 हजार, चंद्रकला गोंड से 42000 तथा कुछ अन्य लोगों से हर महीने एक लाख पर 2 हजार ब्याज और 6 वर्ष में रकम दुगना मिलने का भरोसा देखकर लगभग 14 लाख रुपए ले लिया। एक महीना बीतने पर खाता में पैसा नहीं आया तो आरोपितों से पूछताछ किया लेकिन उन्होंने आनाकानी कर दिया। कई बार तगादा के बाद कानूनी कार्रवाई करने की धमकी पर आरोपित ने अपनी जमीन बेचकर पैसा वापस करने का भरोसा दिया लेकिन पैसा वापस नहीं मिला।
पीड़ितों ने 18 जुलाई 2023 को पुलिस क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना को शिकायती पत्र दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी के पूछताछ में आरोपितों ने पैसा लेने के बात स्वीकार करते हुए सभी का पैसा वापस करने का वादा किया। कुछ दिन बाद सुमन के खाते में 1 लाख 20 हजार, अब्दुल रजाक के खाते में 3 लाख पैसा वापस भेज दिया। इसके बाद किसी भी पीड़ित के खाते में एक भी पैसा वापस नहीं किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपितों ने सोची समझी साजिश के तहत धोखाधड़ी की नियत से पैसा लिया है।
पीड़ित ने उनपर कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक से भी गुहार लगाई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय में मुकदमा दायर किया। न्यायालय के आदेश पर सोमवार को भदवा गांव निवासी दो भाइयों विनोद प्रजापति और राम समुझ प्रजापति के विरुद्ध धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Post a Comment