जीएसटी सुधार मोदी सरकार का दिवाली तोहफा : ए.के. शर्मा
•मुहम्मदाबाद गोहना स्थित पुष्पवाटिका मैरेज हाल में संपन्न हुई जीएसटी संगोष्ठी व विधानसभा सम्मेलन
•सस्ता हुआ कारोबार से लेकर घर का खर्च, तीन स्लैब में सिमटी टैक्स व्यवस्था
•खत्म हुआ इंस्पेक्टर राज, व्यापार हुआ आसान
करहां (मऊ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीति एक राष्ट्र, एक बाजार, एक व्यापार के तहत किए गए जीएसटी सुधारों ने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। कांग्रेस शासनकाल में जहां भारत की इकोनामी हाई कास्ट मानी जाती थी, वहीं अब व्यापार सुगम, पारदर्शी और जनहितैषी बन गया है। मकान, दुकान, रोजगार की राह आसान हुई है, साथ ही इंस्पेक्टर राज का भी अंत हो चुका है। कहा कि यह जीएसटी सुधार इस दिवाली पर भारतीयों के लिए मोदी सरकार का एक बड़ा तोहफा है।
यह बातें प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार को मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के पुष्पवाटिका मैरेज हाल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित जीएसटी जागरुकता संगोष्ठी व विधानसभा सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पद से बोलते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि पहले जीएसटी में पांच स्लैब हुआ करते थे, जिन्हें घटाकर अब तीन कर दिया गया है। इससे व्यापारियों को कर के बोझ से राहत मिली है और कारोबार करना पहले से कहीं आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि अब साइकिल चलाने वाला गरीब भी बाइक चलाने का सपना पूरा कर सकेगा।
मंत्री ने बताया कि जीएसटी दरों में संशोधन से अब बाइक, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन के साथ-साथ किसानों के लिए खाद, बीज, कीटनाशक दवाएं, ट्रैक्टर टायर, पार्ट्स, पेस्टिसाइड, ड्रिप इरिगेशन सिस्टम और बागवानी उपकरण सस्ते हुए हैं। वहीं जीवन बीमा और डायग्नोस्टिक किट जैसी सेवाओं पर भी राहत दी गई है। बताया कि आम लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर यह है कि दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर जीएसटी 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे हेयर आयल, शैंपू, बच्चों के नेपकिन, सिलाई मशीन, डेयरी सामग्री, पनीर, टूथब्रश और बर्तन जैसी चीजें अब सस्ती हो गई हैं।
इसके पूर्व कार्यक्रम में पहुंचने पर मंत्री ए.के. शर्मा का विविध स्वागत सामग्रियों से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा रामाश्रय मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल व सुनील गुप्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष गनेश सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लालजी वर्मा, भाजपा नेत्री पूनम सरोज, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, छोटू प्रसाद, रामसरन चौहान, डाक्टर उमेश सरोज, पूर्व मंत्री श्रीराम सोनकर, भूपेंद्र सिंह, जनार्दन शर्मा, मुन्ना सिंह, जगदीश प्रसाद गुप्ता, अनमोल साहू, सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व सैकड़ों क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।





Post a Comment