पब्लिक महिला शहर पीजी कॉलेज बरामदपुर में एमएड की छात्रा रही अनम सलमान ने राज्यपाल से पाया गोल्ड मेडल
◆महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय किया टॉप
◆शोध करके बनना चाहती हैं एसोसिएट प्रोफेसर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के बरामदपुर स्थित पब्लिक महिला शहर पीजी कॉलेज में एमएड सत्र 2023-25 की मेधावी छात्रा अनम सलमान ने महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ में टॉप कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कुल 77.05 प्रतिशत अंकों के साथ विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उन्हें गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किया।
मूल रूप से आजमगढ़ शहर के आसिफगंज जामा मस्जिद की निवासी अनम सलमान की यह उपलब्धि क्षेत्र में गर्व का विषय बनी हुई है। वर्तमान में वह पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही हैं और उनका सपना एसोसिएट प्रोफेसर बनकर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना है।
अनम की प्रारंभिक शिक्षा ज्योति निकेतन पब्लिक स्कूल, करतालपुर, आजमगढ़ से हुई। उन्होंने बीएड तमिलनाडु के एमयू मल्लापुरम सेंटर से और एमए शिक्षाशास्त्र विषय से बरामदपुर कॉलेज से पूरा किया। उनके पिता सलमान अहमद मुंबई में व्यवसाय करते हैं, जबकि माता तलत आजमी शिक्षित गृहिणी हैं। इन्होंने ही परिवार में शिक्षा का वातावरण बनाए रखा।
चार भाई-बहनों में अनम सबसे बड़ी हैं। छोटी बहन अशरा सलमान एमएड कर रही हैं, भाई अब्दुर्रहमान एमए एमयू अलीगढ़ से कर रहे हैं, जबकि सबसे छोटा भाई अबू उमर एचएमपीएस, आजमगढ़ से कक्षा 11 का छात्र है। अनम के पति मुहम्मद अहमद विदेश में कार्यरत हैं और उनकी दो वर्षीय बेटी भी है। परिवार से मिले सहयोग और प्रेरणा को ही अनम अपनी सफलता का श्रेय देती हैं।
शौक के रूप में उन्हें पेंटिंग, बागवानी और आर्ट एंड क्राफ्ट का विशेष लगाव है। वे मानती हैं कि बढ़ती दुनिया का सबसे बड़ा हथियार तकनीकी कौशल और शिक्षा है। हर किसी को शिक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि हम बदलती दुनिया के साथ सामंजस्य बना सकें।



Post a Comment