अयोध्या लौटे श्रीराम, लक्ष्मण व माता सीता, भव्य झांकी के साथ दी गई राजगद्दी
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के नगपुर स्थित आदर्श रामलीला समिति के तत्वाधान में मंगलवार को भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की भव्य झांकी निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल का संचार कर दिया।
झांकी की शुरुआत नगपुर से हुई और यह महमूदपुर, भतड़ी, परवा होते हुए माहपुर स्थित श्री शिव-दुर्गा मंदिर तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का भव्य स्वागत किया। आरती और जलपान के उपरांत झांकी करहां मील, गद्दोपुर और दरौरा होते हुए रामलीला स्थल पर पहुँची।
रामलीला स्थल पर विधिवत समारोह में भगवान श्रीराम का राजतिलक किया गया और उन्हें अयोध्या के सिंहासन पर विराजमान कराया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बन गया। झांकी जिस-जिस गांव और मोहल्ले से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और प्रभु श्रीराम का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। कार्यक्रम में प्रभुनाथ राम, आलोक यादव, बृजेंद्र श्रीवास्तव, अनिल यादव, प्रदीप चौधरी, मोनू तिवारी, रुपेश पांडेय, रामनिवास सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।




Post a Comment