Top News

श्री दशहरा रामलीला समिति के तत्वाधान में संपन्न हुआ श्रीराम का राज्याभिषेक

श्री दशहरा रामलीला समिति के तत्वाधान में संपन्न हुआ श्रीराम का राज्याभिषेक

करहां (मऊ) : श्री दशहरा रामलीला समिति मुहम्मदाबाद गोहना के तत्वाधान में मंगलवार की देर रात आयोजित श्रीराम राज्याभिषेक समारोह अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। राज्याभिषेक के उपरांत भव्य आरती हुई और पूरा वातावरण राजा रामचंद्र की जय के उद्घोष से गुंजायमान हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभु श्रीरामचंद्र जी के राजतिलक से पूर्व माता कैकेई और प्रभु श्रीराम के बीच हुए अद्भुत संवाद मंचन से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भावनाओं से भर दिया। संवाद दृश्य में जब माता कैकेई आत्मग्लानि से भरे स्वर में स्वयं को दोषी मानती हैं और भैया भरत के मुंह से सुनती हैं कि आप राम की माता हैं तो उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखें नम हो उठीं। यह दृश्य रामायण के उस अमर प्रसंग की याद दिला गया, जिसमें प्रेम, क्षमा और धर्म का अद्भुत संगम देखने को मिला।

राजतिलक के अवसर पर प्रभु श्रीरामचंद्र जी का राजाभिषेक अत्यंत मनोहारी झांकी के रूप में प्रस्तुत किया गया। मंच पर दशहरा कमेटी के अध्यक्ष छोटू प्रसाद, महामंत्री रामशरन चौहान, आशीष अग्रवाल, राजेश, वीरेंद्र पासवान, पायलट राजीव सेठ, रामअवध पुजारी, श्यामजी वर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रीकृष्णा क्लब रामलीला समिति के अध्यक्ष संजय उपाध्याय और लक्ष्मण क्लब के अध्यक्ष अंजनी कुमार गुप्ता सहित सभी कलाकारों और झांकी सहयोगियों को मंच से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में श्री दशहरा कमेटी की ओर से नगर व क्षेत्रवासियों, कलाकारों एवं भक्तों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया गया। पूरा नगर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा और देर रात तक श्रीराम राज्याभिषेक का यह जागरण भक्ति और आनंद का अद्भुत संगम बना रहा।



Post a Comment

Previous Post Next Post