बेसिक के बच्चों ने जाना मानसिक स्वास्थ्य का महत्व, दी गई जानकारी
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय मालव में गुरुवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक संक्षिप्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों के शारीरिक विकास के साथ अपेक्षित मानसिक विकास की जानकारी दी गईं। साथ ही इससे संबंधित आवश्यक दिशानिर्देश एवं भटकाव से बचाने के उपायों पर चर्चा की गई।
कार्यशाला की शुरुआत करते हुए प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के एक सर्वे के अनुसार स्कूल जाने वाले बच्चों में मानसिक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसके प्रमुख कारणों में एकाकी परिवार, बच्चों में एकांत की भावना, डिजिटल साधनों का अत्यधिक प्रयोग, अनावश्यक शैक्षिक प्रतिस्पर्धा, असंतुलित भोजन तथा प्राचीन भारतीय मूल्य-संस्कृतियों की उपेक्षा प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों का मानसिक संतुलन बनाए रखना उतना ही आवश्यक है, जितना शारीरिक स्वास्थ्य। बच्चों ने प्रधानाध्यापक के विचारों को गंभीरता से सुना और अपनी मानसिक स्थितियां साझा की।
कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक फहद अहमद ने किया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक उमेश भारती, रामकेर राम, मनोज कुशवाहा, स्वतंत्र सिंह, विजेंद्र प्रसाद, छट्ठू प्रसाद गुप्ता, शूलमती चौहान, आरती सिंह सहित अन्य स्टाफ व दर्जनों विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।


Post a Comment