Top News

ज्ञान, वैराग्य और भक्ति का मार्ग बताती है श्रीमद्भागवत कथा : गर्गाचार्य महाराज

ज्ञान, वैराग्य और भक्ति का मार्ग बताती है श्रीमद्भागवत कथा : गर्गाचार्य महाराज

करहां (मऊ) : श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर क्षीरसागर करहां के परिसर में शनिवार को प्रारंभ विष्णु महायज्ञ में चल रही श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह यज्ञ के पहले दिन यज्ञाचार्य पंडित लालमणि चौबे व दिवाकर तिवारी ने मुख्य यजमान अरुण व चंद्रबाला तिवारी से वेदियों का खोडशोपचार विधि से पूजन कराकर, हवन एवं परायण कार्य संपन्न कराया। इस दौरान श्रद्धालुओ ने मंडप की परिक्रमा लगाई। सायंकाल भागवत कथा सत्र का रहा जिसमें कथावाचक पंडित राकेश शुक्ल गर्गाचार्य महाराज ने श्रीमद्भागवत पहापुराण के माहात्म्य की कथा सुनाई। बताया कि श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान, वैराग्य और भक्ति का मार्ग प्रशस्त करती है।

इसके पूर्व करहां सदस्य जिला पंचायत के पूर्व एवं वर्तमान प्रत्याशी गांव निवासी विक्की वर्मा ने व्यासपीठ का पूजन कर कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने कथाप्रवक्ता गर्गाचार्य महाराज का तिलक-चंदन व माल्यार्पण कर स्वागत अभिनंदन किया। कथा का विस्तार करते हुए गर्गाचार्य महाराज ने बताया कि भागवत पुराण हिन्दुओं के अट्ठारह पुराणों में से एक है। इसे श्रीमद्भागवतम् या केवल भागवतम् भी कहा जाता है। इसका मुख्य वर्ण्य विषय भक्ति योग है, जिसमें कृष्ण को सभी देवों का देव चित्रित किया गया है। इसके अलावा इस पुराण में ज्ञान मार्ग एव भक्ति मार्ग का निरुपण किया गया है।

कहा कि परंपरागत तौर पर इस पुराण के रचयिता वेद व्यास को माना जाता है। इसकी कथा के अनुसार पापात्मायें और प्रेत योनि में भटक रही आत्माएं कथा श्रवण से मुक्त हो जाती हैं। यह कथा हमें बड़े सौभाग्य एवं जन्म जन्मांतर के पुण्य-फल व प्रताप से प्राप्त होती है। जब पूर्वजों का विशेष कृपानुग्रह होता है, तब भागवत कथा श्रवण का अवसर मिलता है। यह कथा वास्तव में देवताओं तक को दुर्लभ है।

आज की कथा मंच का संचालन युवा वक़्ता चंद्रकांत तिवारी व आभार प्रदर्शन यज्ञ के संयोजक दिवाकर तिवारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य रुप से सर्वेश कुमार, सुबासचंद्र वर्मा, गीता देवी, डाक्टर अंजनी सिंह, पिंकी देवी, वासुदेव मौर्य, चिंता देवी, प्रमोद दास, शकुंतला देवी, पिंटू सिंह, सुरेश वर्मा, मालती देवी, चंद्रशेखर मौर्य, गोलू कुमार आदि सैकड़ों स्त्री-पुरुष उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post