Top News

स्व. सुनील कुमार गिल्लू राय की पुण्यतिथि पर 321 जरूरतमंदों को बांटा गया कंबल

स्व. सुनील कुमार गिल्लू राय की पुण्यतिथि पर 321 जरूरतमंदों को बांटा गया कंबल

करहां (मऊ) : सबसे कम उम्र में ग्राम प्रधान बनकर पहचान बनाने वाले, प्रधान संघ के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष एवं मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के खालिसा गांव के तीन बार निर्वाचित प्रधान रहे स्वर्गीय सुनील कुमार उर्फ गिल्लू राय की चौथी पुण्यतिथि सोमवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। यह आयोजन उनके शिक्षण संस्थान बी.एस.आर.के. इंटर कॉलेज, रामनगर मोड़ ख़ालिसा के परिसर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन से हुई, जिसके उपरांत मौजूद जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों व गणमान्य नागरिकों ने स्व. गिल्लू राय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान, सरल स्वभाव और जनसेवा के कार्यों को स्मरण किया। इस अवसर पर उनके भाई एवं विद्यालय के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय द्वारा 321 गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद महिला-पुरुषों के बीच कंबल का वितरण किया गया, जिससे शीतलहर में लोगों को राहत मिल सके।

पूर्व शिक्षक नेता एवं विधान परिषद सदस्य स्व. पंचानन राय के भाई परमानंद राय ने कहा कि स्वर्गीय सुनील कुमार राय में युवावस्था से ही समाजसेवा का जज़्बा कूट-कूटकर भरा था। उन्होंने अपने जीवनकाल में हमेशा जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता दी, जिसके चलते जनता ने उन्हें बार-बार अपना प्रतिनिधि चुना। आज उनकी पुण्यतिथि पर किया गया यह सेवा कार्य उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने का सशक्त प्रयास है।


कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य रजनीश राय ने किया। इस मौके पर सुभाष यादव, विजय बहादुर सिंह, अनिल राय, कमलेश यादव, जयेंद्र यादव, सुनीता देवी, रामभजन यादव, सुभाष राय, शबीब रिजवी, शिखा राय, मीना राय, कालेद्र राय, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post